केकड़ी, 15 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर थाना क्षेत्र में एकलसिंहा रोड स्थित माइंस पर डंपर चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर रात के समय माइन्स परिसर में खड़े डंपर को चुराकर ले गए। सुबह चालक द्वारा वाहन मालिक को फोन पर सूचना देने के बाद चोरी का पता चला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरजपुरा निवासी शिमला खारोल ने रिपोर्ट दी कि चालक ने उनके डंपर को 13 सितंबर को राठौड़ माइन्स एकलसिंहा रोड केकड़ी पर खड़ा किया था। रात करीब 2:08 बजे कोई अज्ञात व्यक्ति डंपर को चुराकर ले गया।

चोरी का पता दूसरे दिन चला: वाहन चोरी की जानकारी 14 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे डंपर के चालक ने फोन के माध्यम से वाहन मालिक को दी। सूचना मिलने पर शिमला खारोल अपने पुत्र के साथ राठौड़ माइन्स पहुंचीं और आसपास पूछताछ करते हुए वाहन की तलाश की, लेकिन डंपर का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई घनश्याम खन्ना के जिम्मे की गई है। पुलिस ने चोरी हुए डंपर की तलाश और बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

