केकड़ी, 10 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री भास्कर जैन स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा ट्रस्ट के संस्थापक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय विजय लाल जैन की पुण्यतिथि के अवसर पर मानव सेवा व परोपकार का अनुकरणीय कार्य किया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष चंद्रप्रभा जैन के सानिध्य में सोशल मीडिया आश्रम सावर में आश्रय प्राप्त कर रहे करीब 130 लावारिस, असहाय एवं विशेष आवश्यकता वाले प्रभुजनों को भोजन कराया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट सदस्य हेमंत जैन (एडवोकेट), वंदना जैन, अंजना कटारिया, कैलाश चंद्र जैन, पदमचंद जैन, राधेश्याम दाधीच, शांति वल्लभ द्विवेदी, बृजराज शर्मा, सुरेश रावंका, जगदीश लाल विजय सहित अन्य प्रबुद्धजनों ने आश्रम में उपस्थित प्रभुजनों को भोजन वितरित कर अपनी सहभागिता निभाई।


सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित रहा जीवन: ट्रस्ट सदस्यों ने स्वर्गीय विजय लाल जैन के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहा। उनकी पुण्यतिथि पर असहाय व जरूरतमंदों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची और वास्तविक श्रद्धांजलि है। मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए ट्रस्ट द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया। आश्रम संचालक राज भाई व दीपिका प्रजापति ने ट्रस्ट सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम में निवासरत असहाय प्रभुजनों के लिए भोजन व्यवस्था कराना अत्यंत पुनीत कार्य है। कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय विजय लाल जैन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी स्मृति को परोपकार के कार्यों के माध्यम से सदैव जीवंत रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।


