Homeराजनीतिप्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने झोंकी ताकत, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने...

प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने झोंकी ताकत, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने रोड शो कर मांगे वोट

केकड़ी, 07 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव को लेकर प्रचार का शोर सोमवार को थम गया। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने पूरी ताकत झोंकते हुए शहर में बड़ा रोड शो निकाला। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने शहर के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क साधा और भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। दोपहर बाद निकाले गए रोड शो में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। भाजपा का रोड शो नगर पालिका के बाहर राजपथ से शुरू हुआ। यहां से रोड शो सिटी पुलिस थाना, तीन बत्ती तिराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक, माणक चौक होते हुए सूरजपोल गेट के बाहर स्थित रामद्वारा पहुंचा, जहां रोड शो का समापन हुआ। इस दौरान शहर में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया गया। रोड शो में करीब आधा दर्जन वार्डों के भाजपा प्रत्याशी भी मौजूद रहे।

विकास के लिए मतदान करने की अपील: इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मतदाताओं से विकास के लिए भाजपा को मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में केकड़ी नगर पालिका में भी भाजपा की सरकार बनने पर शहर में चल रहे विकास कार्यों की गति और तेज होगी। गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में क्षेत्र में करीब 3600 करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल में भी इतने विकास कार्य नहीं हुए।

केकड़ी: भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

तेज गति से होंगे विकास कार्य: विधायक ने कहा कि केकड़ी शहर का विकास किसी एक-दो काम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक विजन के तहत शहर के विकास का खाका तैयार किया गया है। भाजपा की सरकार बनने पर सड़क, नाली, बिजली सहित शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को और तेज गति से कराया जाएगा। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। अंतिम दिन भाजपा ने रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन करते हुए नगर पालिका चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।

RELATED ARTICLES