केकड़ी, 07 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को कांग्रेस ने शहर के सभी 40 वार्डों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद किया तथा कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान में पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, इंदिरा मित्तल सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वार्डों में मतदाताओं से संपर्क कर शहर के विकास के लिए कांग्रेस को मौका देने की अपील की। इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा के कार्यकाल के दौरान केकड़ी शहर में करोड़ों रुपए के ऐतिहासिक विकास कार्य हुए, जो पहले कभी नहीं हुए थे।

जिला बनाने के होंगे प्रयास: मित्तल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर केकड़ी को फिर से जिला बनाने और नगर परिषद का दर्जा बहाल कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। मित्तल ने अपने पालिकाध्यक्ष कार्यकाल के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में सात ऐसी प्रमुख सड़कें बनाई गईं, जिन्हें सीधे बाईपास से जोड़ा गया। इससे शहर की कनेक्टिविटी बेहतर हुई। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और बेहतर सफाई व्यवस्था के चलते केकड़ी नगर पालिका का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था।

भाजपा शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला: मित्तल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के ढाई साल के शासन में शहर में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और दादागिरी को खत्म करने तथा शहर के विकास को फिर से गति देने के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें। मित्तल ने कहा कि नगर पालिका में कांग्रेस की सरकार बनने पर शहर के विकास के लिए एक सोच और विजन के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि केकड़ी को विकास की नई दिशा देना है।


