केकड़ी, 08 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने गुरुवार को विधानसभा में अंतरिम बजट पेश किया। बजट पर कांग्रेस व भाजपा के नेताओं ने मिली-जुली प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा नेताओं ने जहां बजट को विकास करने वाला बताते हुए सराहना की है वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे निराशाजनक बताया है।
यह बजट लोक कल्याणकारी, विकासोन्मुखी तथा सर्वसमावेशी बजट है। गुड़ और चीनी पर लगने वाले टैक्स को खत्म कर सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। लैंड टैक्स हटाने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। महिलाओं व बुजुर्गों की पेंशन में बढ़ोतरी, बुजुर्गों को रोडवेज किराए में 50 फीसदी की छूट, युवाओं के लिए 70 हजार नई भर्ती, लाडो प्रोत्साहन योजना में गरीब परिवार में बेटी होने पर 1 लाख का सेविंग बॉन्ड आदि की घोषणा कर सरकार ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इन घोषणाओं से प्रदेश के आर्थिक व सामाजिक विकास का ताना बाना मजबूत होगा। कुल मिलाकर बजट लोकहितकारी है। इसमे हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। शत्रुघ्न गौतम, विधायक केकड़ी
आज के बजट से प्रदेश के विकास को और मजबूती मिलेगी। यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की समस्त गारंटियों को पूर्ण करने वाला बजट है। वित्तमंत्री ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलकर सबके कल्याण का बजट पेश किया है। बजट पूरी तरह संतुलित एवं स्वागत योग्य है। सरकार ने बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा है। बजट पूरी तरह जनता के लिए समर्पित है। बजट प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कुल मिलाकर बजट विकासकारी है। होनहार सिंह राठौड़, पंचायत समिति केकड़ी
गारंटी का जुमला, लोकलुभावने वादे और जनता को भ्रमित करके सत्ता में आई भाजपा सरकार के पहले बजट में ही कथनी और करनी का अंतर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इस बजट के बाद प्रदेश का किसान, युवा, महिलाएं समेत समाज का हर वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है। बजट में पेट्रोल-डीजल के बारे में जिक्र तक नहीं किया गया है। यह दिखाता है कि मोदी की गारंटी पूरी तरह खोखली है। कुल मिलाकर बजट पूरी तरह निराशाजनक है। शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, पूर्व अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केकड़ी
अंतरिम बजट लोगो में निराशा पैदा करने वाला हैं। बजट में पेट्रोल-डीजल से वैट कम करने की आमजन को उम्मीद थी जो की पूरी नहीं हुई। स्वास्थ्य बीमा से आमजन में भ्रम की स्थिति है। जिसे दूर नहीं किया गया। राजस्थान में बेरोजगारी दर सर्वाधिक है ।फिर भी बेरोजगारी दूर करने के लिए कोई प्रभावी घोषणा नहीं होना निराशजनक है। युवाओं के सपने साकार करने की अपेक्षाओं के बजट में भाजपा सरकार नाकाम रही। यह बजट सिर्फ घोषणाओं का ही पुलिंदा प्रतीत होता है। धनेश जैन, युवा कांग्रेस नेता
बजट प्रतिक्रिया: भाजपा ने कहा लोकहितकारी, कांग्रेस ने बताया निराशाजनक
