Homeराजनीतिविधायक शत्रुघ्न गौतम का संकल्प लाया रंग: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी...

विधायक शत्रुघ्न गौतम का संकल्प लाया रंग: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी 880 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात, नसीराबाद–केकड़ी–देवली फोरलेन परियोजना का किया शिलान्यास

केकड़ी, 11 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने व अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हमारी डबल इंजन सरकार धरातल पर काम कर आमजन के जीवन को सुगम बना रही है। रोडमैप बनाकर पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार पर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिसका असर धरातल पर दिख रहा है। वे शनिवार को केकड़ी के कृषि मंडी प्रांगण में विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरूआत केकड़ाधीश बालाजी महाराज, पारेश्वर महादेव, चारभुजा नाथ, गोपाल महाराज व वीर तेजाजी महाराज की जयकारों के साथ की। शुरुआत में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मुख्यमंत्री को चांदी की गाय भेंट की।

केकड़ी: समारोह के दौरान रिमोट का बटन दबाकर विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।

877.96 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात: समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को कुल 877.96 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात दी। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर 808.50 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न नए कार्यों का शिलान्यास किया व 69.46 करोड़ रुपए की लागत से पूरे हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें 1268 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली नसीराबादसरवाड़केकड़ीदेवली फोरलेन सड़क परियोजना के प्रथम चरण का शिलान्यास भी शामिल है। इस परियोजना को क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक व यातायात विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। गौरतलब है कि इस फोरलेन सड़क का शुभारंभ विधायक शत्रुघ्न गौतम के दृढ़ संकल्प से पूरा होने जा रहा है, जिसके लिए उन्होंने लगभग 231 दिन तक चप्पल-जूतों का त्याग किया था।

केकड़ीः समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।

विकास की नई उड़ान भर रहा राजस्थान: कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का ध्येय केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारकर प्रदेशवासियों का जीवन सुगम करना है। भाजपा सरकार प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है, चाहे वहां भाजपा का विधायक हो या नहीं। पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास करवाया गया है तथा 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के उन्नयन व सुदृढ़ीकरण के कार्य हुए हैं। सड़क तंत्र, रेल नेटवर्क व नए एयरपोर्ट्स से प्रदेश विकास की नई उड़ान भर रहा है।

केकड़ी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 51 किलो फूलों की माला पहनाकर स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ता।

पानी व बिजली आपूर्ति पर विशेष फोकस: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पानी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। राज्य सरकार ने 90 हजार करोड़ रुपए से अधिक की जल परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ किया है। हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने के लिए राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता व देवास परियोजना जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर प्रमुखता से कार्य किया है। बिजली क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ढाई वर्षों में 12 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन बढ़ाया है, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में केवल 3 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन बढ़ाया था।

किसान, मजदूर, महिला व युवाओं का सर्वांगीण विकास: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार प्रमुख जातियों किसान, मजदूर, महिला व युवा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। प्रदेश में किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपए किया गया है, जिसे आने वाले समय में 12 हजार रुपए प्रतिवर्ष किया जाएगा। राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के जरिए पशुपालकों को 1 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण मिल रहा है व मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से 22 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की जा चुकी हैं। युवाओं के लिए 1 लाख 78 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं तथा 1 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है। महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर सशक्त किया जा रहा है।

केकड़ी: समारोह के दौरान भीड़ का अभिवादन करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य अतिथि।

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मजबूती से रखी क्षेत्र की मांगें: समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से नसीराबादबूंदी रेलवे लाइन को स्वीकृति देने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बजट में तीन ग्रीन एक्सप्रेस-वे की घोषणा की थी, जिनमें से दो पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया कि जयपुरभीलवाड़ा ग्रीन एक्सप्रेस-वे, जो यहां से होकर प्रस्तावित है, उसका निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि इसके बनने से क्षेत्र दो फोरलेन मार्गों से जुड़ जाएगा और यहां के औद्योगिक, व्यापारिक तथा आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

प्रमुख व्यापारिक केन्द्र है केकड़ी: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि यह क्षेत्र ग्रेनाइट, मार्बल और अन्य उद्योगों का प्रमुख केंद्र है। लंबे समय से फोरलेन सड़क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, लेकिन इसके अभाव में क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फोरलेन परियोजना की सौगात देकर इस क्षेत्र को विकास की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने का कार्य किया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का 51 किलो की माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।

केकड़ीः समारोह में मौजूद महिलाएं।

डबल इंजन सरकार से बढ़ रही विकास की रफ्तार: समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। नसीराबाददेवली फोरलेन सड़क क्षेत्र के विकास को नई गति देगी। राजस्थान रिफाइनरी जैसे विश्व स्तरीय प्रोजेक्ट का लोकार्पण विकास की इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के हाथ में यश रेखा है। वे जब भी दिल्ली जाते हैं, राजस्थान के लिए कोई न कोई बड़ी सौगात लेकर आते हैं। उन्हें विशेष वरदान प्राप्त है और वे जो मांगते हैं, वह राजस्थान को मिलता है। यमुना का पानी राजस्थान लाना उनका भगीरथी प्रयास है।

केकड़ी: हैलीपेड पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण।

मुख्यमंत्री का किया स्वागत: इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से राजकीय महाविद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। यहां विधायक शत्रुघ्न गौतम, अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, अजमेर आईजी राजेन्द्र सिंह, अजमेर जिला कलक्टर लोकबंधु, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भण्डारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा सहित अन्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

केकड़ी: राजकीय महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश: मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल कृषि उपज मंडी प्रस्थान के दौरान मार्ग में महाराणा प्रताप सर्किल व खाटू श्याम मंदिर के बाहर आमजन ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। मुख्यमंत्री एवं हेलिकॉप्टर को देखने के लिए कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई।

केकड़ीः समारोह में मौजूद पुरूष।

ये रहे मौजूद: समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, देवली विधायक राजेंद्र गुर्जर, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना आदि मंचासीन रहे।

केकड़ी: खाटू श्याम मंदिर के बाहर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत करते आमजन।

इन कार्यों का हुआ शिलान्यास (लागत 808.50 करोड़ रुपए):

फोरलेन प्रोजेक्ट: नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली सड़क (एस.एच. 26) के फेज-1 के तहत दो लेन से चार लेन उन्नयन व निर्माण कार्य (लागत 57,528 लाख रुपए)। 

मुख्य सड़कों का सुदृढ़ीकरण: सिंगावल-गोपालपुरा-भिनाय-टांटोटी रोड डबरेला एमडीआर सड़क सुदृढ़ीकरण व चौड़ाईकरण (लागत 5700 लाख रुपए)। 

केरोट-जेतपुरा-चावण्डिया-पाडलिया-नागोला-बडला-रघुनाथगढ-रामालिया-टांटोटी-केबानिया-भटियानी एसएच 16 मार्ग का चौड़ाईकरण (लागत 5000 लाख रुपए)। 

हरपुरा-कुमारिया-हिंगोनिया-लल्लाई-भांटोलाव-सरवाड़ मार्ग का विकास कार्य (लागत 4000 लाख रुपए)। 

जडाना-खाण्डरा-सांतोलाव-केरियाखुर्द-नागोला रोड एमडीआर का सुदृढ़ीकरण (लागत 2500 लाख रुपए)। 

दतोब-भादू का खेड़ा-कुहाड़ा-कनोज-लसाड़िया-एकलसिंहा-केकड़ी सड़क निर्माण (लागत 2200 लाख रुपए)। 

एस एच 12 (धुवालिया)-एकलसिंहा-मेवदाकलां-रूपनिवास-सलारी-तसवारिया-मोलकिया-कालेडा-कृष्ण गोपाल-फारकिया-भंराई-प्रान्हेडा-सांपला मार्ग का सुदृढ़ीकरण व चौड़ाईकरण (लागत 2200 लाख रुपए)। 

केकड़ी: समारोह के दौरान भीड़ का अभिवादन करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य अतिथि।

अन्य विकास कार्य: नगरपालिका केकड़ी के विभिन्न वार्डों में 12.92 किमी लंबाई की सी.सी. सड़कों का निर्माण (लागत 1568.14 लाख रुपए)। 

डीएमएफटी योजनान्तर्गत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा कक्षों का निर्माण कार्य (लागत 1186.47 लाख रुपए)। 

बजट घोषणा 2025-26 के तहत मिसिंग लिंक/नोन पेचेबल योजना में 22.55 किमी लंबाई की विभिन्न सड़कों का निर्माण (लागत 767.50 लाख रुपए)। 

ग्राम जूनिया व ग्राम घटियाली में कुल 2 किमी लंबाई के अटल प्रगतिपथ का निर्माण कार्य (लागत 400 लाख रुपए)।

इन कार्यों का हुआ लोकार्पण (लागत 69.46 करोड़ रुपए):

आयुर्वेद कॉलेज भवन: 2200 लाख रुपए की अनुमानित लागत से निर्मित राजकीय आयुर्वेद, योग प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय भवन, जो अब पूरी तरह उपयोग योग्य है। 

सड़क उन्नयन व मरम्मत: केकड़ी-सरवाड़-नसीराबाद-सावर-देवली सड़क के तहत कादेड़ा लिंक रोड एवं सरवाड़ सिटी पोर्सन का उन्नयन कार्य (लागत 1500 लाख रुपए)। 

स्थाई मरम्मत योजनान्तर्गत विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2024-25 व 2025-26 में निर्मित कुल 20 पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य (लागत 1713.50 लाख रुपए)।  

केकड़ी-रामथला-नेगडिया-देवली सड़क का उन्नयन कार्य (लागत 1000 लाख रुपए)। 

बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत ग्राम कादेड़ा व ग्राम बघेरा में अटल प्रगतिपथ निर्माण कार्य (लागत 390 लाख रुपए)। 

बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत ही मिसिंग लिंक/नोन पेचेबल योजना में विधानसभा क्षेत्र की 3 अन्य सड़कों का निर्माण कार्य (लागत 142.50 लाख रुपए)। 

RELATED ARTICLES