केकड़ी, 06 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के दौरान रविवार को वार्ड संख्या 38 में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। मतदाताओं को पैसे बांटने के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते नोकझोंक तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को समझाकर मामला शांत करवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं को वार्ड में एक घर में मतदाताओं को पैसे बांटे जाने की सूचना मिली थी। इस पर भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एक युवक घर से निकलकर तेजी से वहां से भाग गया। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा युवक का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है।

बदसलूकी का आरोप: घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता अनिल मित्तल भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और मित्तल के बीच नोकझोंक हो गई। भाजपा के पार्षद प्रत्याशी मनोज कुमावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी का भाई वार्ड में मतदाताओं को पैसे बांट रहा था। कुमावत के अनुसार, सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ता उसे पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें देखकर वह वहां से भाग गया। भाजपा प्रत्याशी ने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता अनिल मित्तल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की।

पुलिस ने समझाइश से शांत कराया मामला: वहीं कांग्रेस नेता अनिल मित्तल ने भाजपा नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है तथा उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोका जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं से समझाइश कर स्थिति को शांत करवाया। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए हैं।


