केकड़ी, 06 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना क्षेत्र के सलारी स्थित विनायक ग्रेनाइट माइंस में शनिवार को काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एलएनटी चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद खान में काम कर रहे श्रमिकों में हड़कंप मच गया। साथी श्रमिक आनन-फानन में युवक को केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मालेड़ा निवासी शैतान सिंह गुर्जर (20) पुत्र बंशीलाल गुर्जर सलारी स्थित विनायक ग्रेनाइट माइंस में एलएनटी चालक के रूप में कार्यरत था। शनिवार को खान में काम करने के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद श्रमिकों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा शव: घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस के एएसआई संपतराज मीणा राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट की चपेट में आने के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद ग्रेनाइट माइंस में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षा उपायों की अनदेखी के चलते यह हादसा हुआ। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।


