केकड़ी, 29 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों व क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर ब्लॉक व नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने से पहले पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय से एक विशाल रैली निकाली गई। जो उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली रवाना होने से पहले कांग्रेस कार्यालय में एक सभा का आयोजन किया गया। सभा में पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, सावर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी व वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता रामलाल कटारिया सहित अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष हेमंत जैन, पूर्व पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू व महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष गीता चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

सरकार पर बोला तीखा हमला: सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रघु शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने भाषण में सरकार को घेरते हुए कहा कि आज देश व प्रदेश में मंहगाई व बेरोजगारी से आम जनता का जीना दूभर हो गया है, लेकिन भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केवल झूठी बयानबाजी कर रही है। बैरल के दाम कम होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स वसूल कर जनता की जेब काटी जा रही है। बीसलपुर बांध भरा होने के बाद भी हमारे क्षेत्र के लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं, जो इस सरकार की प्रशासनिक नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण है। केकड़ी के अस्तित्व और विकास को लेकर कोई गलतफहमी में न रहे, केकड़ी को जिला बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक पाएगी और आगामी 2028 विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाली यह सरकार अगर समय रहते नहीं चेती, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर ईंट से ईंट बजा देगी।


