Homeक्राइम न्यूजमंदिर की दीवार में उतरा करंट, 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत;...

मंदिर की दीवार में उतरा करंट, 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत; अस्पताल में चिकित्सक नदारद मिलने पर ग्रामीणों में रोष

केकड़ी, 12 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): समीपवर्ती बघेरा स्थित प्रसिद्ध वराह मंदिर परिसर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर की दीवार में करंट आने से 15 वर्षीय अनु खारोल पुत्री भंवरलाल खारोल गंभीर रूप से झुलस गई, जिसकी इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनु मंदिर परिसर में कबूतरों को चुग्गा डालने गई थी। चुग्गा डालने के बाद जब वह मंदिर की गैलरी में परिक्रमा कर रही थी, तभी दीवार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गई। घटना के तुरंत बाद परिजन व ग्रामीण उसे राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक के मौजूद न होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल सका। इसके बाद गंभीर हालत में उसे केकड़ी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप: मृतका के परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मंदिर समिति द्वारा पूर्व में भी कई बार विभाग को दीवार में करंट आने की शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अधिकारियों ने समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक कागजी कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

31 जुलाई से चिकित्सक गायब: हादसे के बाद ग्रामीणों ने गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की खस्ताहाल व्यवस्थाओं को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. मनोज जटावत गत 31 जुलाई से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। इतना ही नहीं पिछले माह भी 18 दिन अनुपस्थित रहने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में उनकी हाजिरी दर्ज दर्शाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि चिकित्सक के अभाव में इमरजेंसी में आए मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे लगातार जानें जोखिम में पड़ रही हैं। इस संबंध में विभागीय उच्च अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

RELATED ARTICLES