केकड़ी, 02 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा युवा प्रकोष्ठ के तत्वाधान में कल्याणकारी जीवन शक्ति फाउंडेशन एवं नवजीवन होम सेवा संस्थान द्वारा रविवार को अजमेर स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। जांगिड़ ब्राह्मण कोऑपरेटिव एवं सेविंग सोसाइटी लिमिटेड प्रांगण में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त एसपी डॉ. सतीश शर्मा ने किया। युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेश हर्षवाल ने बताया कि शिविर में आयुर्वेदाचार्य डॉ. त्रिलोक चंद जांगिड़ द्वारा जापानी तकनीक से युक्त ‘बॉडी एनालाइजर मशीन‘ के माध्यम से मरीजों के संपूर्ण शरीर की निशुल्क जांच की गई।

विभिन्न रोगों का किया परीक्षण: इसके साथ ही शिविर में रोगियों को आवश्यक परामर्श भी निशुल्क प्रदान किया गया। शिविर के दौरान फाउंडेशन की ओर से दवाइयों पर 10% की छूट भी दी गई। इस अत्याधुनिक जापानी तकनीक के जरिए मधुमेह (शुगर), ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, नसों में ब्लॉकेज, सांस की बीमारी, गैस व एसिडिटी, आंखों की समस्याएं, कोलेस्ट्रॉल, माइग्रेन, एनीमिया, कैंसर, कमर दर्द तथा घुटनों के दर्द जैसे विभिन्न गंभीर रोगों का निशुल्क परीक्षण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

