Homeक्राइम न्यूजमकान की दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर, नकदी व सोने-चांदी के...

मकान की दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर, नकदी व सोने-चांदी के गहने पार; करीब 18-20 लाख रुपए के नुकसान की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

केकड़ी, 02 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना क्षेत्र के बडला का खेड़ा गांव में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए दीवार में बड़ा छेद कर कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवरात व 4 लाख रुपए की नकदी चुरा ली। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 18 से 20 लाख रुपए बताई जा रही है। पीड़ित अमरचंद पुत्र बन्ना गुर्जर ने बताया कि 1 अगस्त की रात वह अपने परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहा था। रात में अज्ञात चोरों ने बाड़े की तरफ से कमरे की दीवार तोड़कर उसमें बड़ा छेद कर दिया और अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने कमरे में रखे लोहे के ड्रम को खंगालकर उसमें रखे 4 लाख रुपए नकद, 7 सोने के मांदलिया, सोने की बाली, कूंटी, 2 जोड़ी मुरकिया तथा चांदी की कनकती, पायजेब, खुंगाली, झंजरिया सहित अन्य जेवरात पार कर दिए।

दीवार में छेद दिखा तो उड़े होश: रविवार सुबह जब पीड़ित की पत्नी मन्ना मवेशियों का दूध निकालने बाड़े में गई तो दीवार में छेद देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत परिजनों को सूचित किया। पीड़ित ने बताया कि बाड़े के पीछे मोटरसाइकिल के आने-जाने तथा पदचिह्नों के निशान भी मिले हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी गई। सूचना पर भिनाय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पीड़ित ने भिनाय थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस संबंध में भिनाय थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बडला का खेड़ा में मौके पर पुलिसकर्मियों को भेजा गया है। मामले की गहनता से जांच करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES