केकड़ी, 22 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व मस्तिष्क दिवस के अवसर पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी के प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग द्वारा देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय में “Act FAST, Save a Life” विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य जनसामान्य में मस्तिष्क स्वास्थ्य, स्ट्रोक की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार व अल्जाइमर रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का आयोजन शिविर चिकित्सा प्रभारी व प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुल चाहर के निर्देशन में किया गया। उन्होंने विश्व मस्तिष्क दिवस की थीम व उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

नाटिका व प्रस्तुतीकरण के जरिए दिया संदेश: इस अवसर पर बीएचएमएस तृतीय वर्ष की छात्राओं तनुश्री राठौर, टीना सोलंकी, विशाखा श्रीमाली, प्रिया राज, गवाक्षी गौर व ईशा गहलोत ने स्ट्रोक के प्रारम्भिक लक्षणों की पहचान व शीघ्र उपचार से जीवन बचाने के संदेश पर आधारित प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की। तत्पश्चात बीएचएमएस तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों सफा रंगरेज, बुशरा खिलजी, राधिका नागर, अमन शर्मा व सुरेन्द्र मीणा ने अल्जाइमर रोग पर आकर्षक प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विभिन्न रोचक व सहभागितापूर्ण खेल गतिविधियों के माध्यम से स्मरण शक्ति तथा मस्तिष्क को स्वस्थ बनाए रखने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।

स्वस्थ जीवनशैली व मानसिक सक्रियता पर जोर: कार्यक्रम के समापन पर स्त्री व प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रितु शर्मा ने स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार व मानसिक सक्रियता को मस्तिष्क स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी चिकित्सकों, विद्यार्थियों, विद्यालय प्रशासन व आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

