Homeक्राइम न्यूजमादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: ट्रेलर सेवा व कैबिन...

मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: ट्रेलर सेवा व कैबिन की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़, दो मामलों में 4 तस्कर गिरफ्तार

केकड़ी, 27 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिनाय थाना पुलिस व जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने दो संयुक्त कार्रवाइयां करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने करीब 6.57 लाख रुपए मूल्य का कुल 27.69 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त, 99 ग्राम अफीम, एक एसयूवी गाड़ी व 2,29,900 रुपए की नकद राशि जब्त की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएसटी प्रभारी एएसआई शंकर सिंह रावत व थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई जिस पर कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-48 पर सिंगावल पुलिया के पास सीकर होटल स्थित सवाई भोज ट्रेलर सर्विसके कार्यालय पर छापा मारा गया।

ट्रेलर सर्विस की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार: कार्यालय के अंदर बैठे तीन आरोपियों बिडकचियावास निवासी नाथूलाल गुर्जर (25) पुत्र मांगीलाल, सवाईपुरा निवासी छोटूलाल गुर्जर (22) पुत्र धर्मीचंद व कालू गुर्जर (34) पुत्र दूधाराम को हिरासत में लिया गया। कमरे की तलाशी लेने पर 23.560 किलोग्राम डोडा पोस्त, 99 ग्राम अफीम, तौल का कांटा व बाट, एसयूवी गाड़ी तथा 2,22,600 रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने यह काम मथानिया निवासी बीरम गुर्जर पुत्र सूरजमल का होना बताया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केकड़ी: पुलिस गिरफ्त में डोडा पोस्त तस्करी का आरोपी।

हाईवे पर कैबिन लगाकर डोडा पोस्त बेचता आरोपी गिरफ्तार: एक अन्य सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम खेड़ी में हाईवे के पास हाथ में सफेद कट्टा लिए खड़े व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम खेड़ी निवासी शैतान रावत (45) पुत्र मोती सिंह बताया। कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें 4.130 किलोग्राम डोडा पोस्त व बिक्री के 7,300 रुपए नकद मिले। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा समाज व युवाओं के भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। यदि कोई व्यक्ति अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय या परिवहन में शामिल है तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इनका रहा योगदान: पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि व पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम के प्रभारी एएसआई शंकर सिंह रावत (विशेष योगदान), हैड कांस्टेबल महिपाल सिंह, कांस्टेबल मुकेश टांडी, रामनिवास (विशेष योगदान), जितेन्द्र, राजेश बिजारणियां, कालूराम गुर्जर, गजेन्द्र मीणा (विशेष योगदान) व ईश्वर एवं भिनाय थाना पुलिस के थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह राठौड़, एसआई रामस्वरूप, हैड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल ओम सिंह, महेश व सुमित ने अहम भूमिका निभाई है।

RELATED ARTICLES