केकड़ी, 29 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ड्रग फ्री राजस्थान‘ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाकेबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में डोडा पोस्त जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार जिले में इन दिनों मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में केकड़ी सदर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी।

नाकेबंदी के दौरान पकड़ी कार: गश्त के दौरान भीमड़ावास से कादेड़ा रोड पर काचरिया गांव के पास एक सफेद रंग की एल्टो कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखी। पुलिस ने जब गाड़ी रुकवाकर तलाशी ली, तो उसमें से 20.135 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ व तस्करी में प्रयुक्त वाहन को तुरंत जब्त कर लिया। जब्त माल व वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपए बताई जा रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने मौके से कार सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान शिशुपाल गुर्जर (30) पुत्र प्रभुलाल गुर्जर निवासी केसरपुरा, थाना भैंसरोडगढ़ (चित्तौड़गढ़), सुनील धाकड़ (28) पुत्र रामेश्वर धाकड़ निवासी धोगवा थाना सिंगोली जिला नीमच (मध्य प्रदेश) एवं जयलाल भील (25) पुत्र घीसालाल भील निवासी धोगवा थाना सिंगोली जिला नीमच (मध्य प्रदेश)के रूप में हुई है।

केस दर्ज, जांच शुरू: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा को सौंपा गया है, ताकि तस्करी के मुख्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके। इस प्रभावी कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के साथ एएसआई सम्पतराज, कांस्टेबल विजय सिंह, हितेश व रामजीलाल की मुख्य भूमिका रही।

