केकड़ी, 28 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अग्रवाल समाज चौरासी युवा परिषद के तत्वावधान में आगामी रविवार 5 अप्रैल 2026 को एक वृहद नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श व जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय पार्श्वनाथ धर्मशाला (ICICI बैंक के सामने) में आयोजित होने वाले इस शिविर में जयपुर के प्रतिष्ठित सीके बिड़ला हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा अपनी सेवाएं दी जाएंगी। युवा परिषद के अध्यक्ष विनोद जैन ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों व आमजन को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा, जबकि पंजीकरण प्रक्रिया सुबह 9 बजे से ही प्रारंभ कर दी जाएगी। शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहेंगे।

इन रोगों के चिकित्सक रहेंगे मौजूद: शिविर के दौरान हृदय रोग, मेडिसिन व यूरोलॉजी, स्त्री रोग, त्वचा रोग व ईएनटी (नाक-कान-गला), डेंटल, ऑर्थोपेडिक्स (हड्डी रोग) व फिजियोथेरेपी एवं वेरीकोज वैन एवं अन्य सामान्य बीमारियों के चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। यह शिविर स्वर्गीय ताराचंद जैन व स्वर्गीय ललितादेवी जैन की पुण्य स्मृति में पुण्यार्जक परिवार टीकमचंद, मोनू कुमार, हर्षित व पुण्य मित्तल परिवार पीटी (रामथला वाले) के आर्थिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को पोस्टर का विमोचन कर प्रचार प्रसार अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर मंत्री सुशील जैन, विकास सिंहल, संत कुमार, जयेश रांटा, शीतल जैन, पारस जैन, दिलीप जैन, संजय जैन, कमल जैन, नवल जैन सहित परिषद के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


