Homeधर्म एवं संस्कृतिनवीन रामद्वारा भवन का उद्घाटन महोत्सव 2 जुलाई को: तैयारियों को लेकर...

नवीन रामद्वारा भवन का उद्घाटन महोत्सव 2 जुलाई को: तैयारियों को लेकर आयोजित हुई सेवा समिति की बैठक, विभिन्न समितियों का किया गठन

केकड़ी, 27 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नवीन रामद्वारा भवन के बहुप्रतीक्षित भव्य उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक व सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रामस्नेही वाटिका में रामद्वारा सेवा समिति की एक विशाल साधारण सभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामस्नेही संत जग बल्लभराम महाराज ने की। बैठक में उद्घाटन समारोह एवं भव्य कलश यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जल, भोजन, कलश पंजीयन, प्रसाद वितरण, सुरक्षा व यातायात नियंत्रण जैसी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई। पुष्कर से पधारे संत जगबल्लभराम भंडारी महाराज ने समिति की एकता व समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि मात्र 10 माह की अल्प अवधि में इतना भव्य भवन निर्माण होना सेवा व श्रद्धा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने नगरवासियों से प्रतिदिन हरि नाम सुमिरन के लिए रामद्वारा पधारने का आह्वान किया।

लाल चुनरी में महिलाएं व सफेद पोशाक में शामिल होंगे पुरुष: रामद्वारा सेवा समिति के व्यवस्थापक आनंदीराम सोमानी ने बताया कि 2 जुलाई को प्रातः 9:15 बजे अजमेर रोड स्थित बीजासन माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा प्रारंभ होगी। इसमें महिलाएं लाल चुनरी की साड़ी धारण कर व पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा एवं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। यह यात्रा अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक एवं माणक चौक होते हुए नवीन रामद्वारा भवन पहुंचेगी। कलश यात्रा के पश्चात दोपहर 12:15 बजे नवीन रामद्वारा भवन का उद्घाटन पीठाधीश्वर आचार्य रामदयालजी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में उनके करकमलों द्वारा किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम होंगे।

केकड़ी: बैठक में मौजूद समिति के पदाधिकारी व सदस्यगण।

बैठक में ये रहे उपस्थित: बैठक में हीराचंद खूटेटा, राजेंद्र फतेहपुरिया, सत्यनारायण मेवाड़ा, महेंद्र प्रधान, पवन राठी, बंशीलाल जांगिड़, ज्ञानप्रकाश राठी, निरंजन तोषनीवाल, दीपक गोयल, विनोद विजयवर्गीय, भागचंद पारीक, विष्णु साहू, दशरथ जाट, कैलाश माली, शोभाराम माली, तुलसीराम विजयवर्गीय, रमेश नुहाल, गुलाब सोमानी, यज्ञनारायण सिंह शक्तावत, धनराज चौधरी, शंकर माली व भगवान शाक्य उपस्थित थे। साथ ही मातृशक्ति महिला मंडल से सविता तोषनीवाल, मीरा माली, सरोज सोमानी, वंदना विजयवर्गीय, पिंकी वैष्णव, मैना वैष्णव, आशा माली, बसंती मंत्री, मीरा शाक्य, सूरज विजय, गीता माली व निर्मला सोमानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES