केकड़ी, 20 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सिटी थाना क्षेत्र की चौसला कॉलोनी मेवदाकला में सोमवार सुबह फार्म पौन्ड में डूबने से 11 वर्षीय बालक की असमय मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौसला कॉलोनी निवासी कुनाल सिंह बैरवा पुत्र सुरेश कुमार बैरवा सोमवार सुबह अपने दादा दयाल बैरवा के साथ भेड़ों को नहलाने के लिए केकड़ी रोड स्थित एक खेत पर गया था। कुनाल के साथ उसका भाई व चचेरा भाई भी मौजूद था। खेत में बने फार्म पौन्ड के समीप भेड़ों को नहलाते समय अचानक कुनाल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। फार्म पौन्ड में कीचड़ व दलदल होने के कारण मासूम बाहर नहीं निकल सका।

अस्पताल में घोषित किया मृत: बालक को डूबता देख दादा ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला और तुरंत केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस के एएसआई किशनलाल मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाई व आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

