केकड़ी, 26 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्र हॉकी प्रतियोगिता का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे। 17 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जूनिया को 1-0 से हराकर विजेता खिताब अपने नाम किया। वहीं 19 वर्ष छात्र वर्ग में गुलगांव की टीम ने जूनिया को 1-0 से पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया।

खिलाड़ियों ने दिया खेल भावना का परिचय: प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य गोपाल लाल रेगर के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबलों के शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया। इस अवसर पर व्याख्याता शारीरिक शिक्षक गुलाबचंद मेघवंशी, हुकमचंद परेवा, ओमप्रकाश सेन, एमडीसी सचिव मनीष शर्मा, अरविंद अग्रवाल सहित शारीरिक शिक्षक एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी व्याख्याता परिचय पांडेय ने बताया कि विजेता टीमों को अतिथियों एवं आयोजन समिति ने शुभकामनाएं दीं।


