Homeराजनीतिकेकड़ी नगर पालिका: लॉटरी ने साफ की चुनावी तस्वीर, 40 वार्डों का...

केकड़ी नगर पालिका: लॉटरी ने साफ की चुनावी तस्वीर, 40 वार्डों का आरक्षण तय; दावेदारों में बढ़ी सियासी हलचल

केकड़ी, 17 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर के जवाहर रंगमंच में जिला कलेक्टर लोकबंधु की मौजूदगी में नगर पालिका केकड़ी के 40 वार्डों की आरक्षण लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के साथ ही आगामी नगर पालिका चुनाव के लिए वार्डवार आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो गई है। अब संभावित दावेदारों और राजनीतिक दलों की नजर टिकट वितरण एवं चुनावी रणनीति पर टिक गई है। लॉटरी में नगर पालिका के कुल 40 वार्डों में 7 वार्ड अनुसूचित जाति, 8 वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 25 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए कोई वार्ड आरक्षित नहीं किया गया है।

एससी के 7 वार्ड, दो महिलाओं के लिए: आरक्षण सूची के अनुसार अनुसूचित जाति के लिए वार्ड संख्या 2, 3, 15, 27, 28, 39 और 40 आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड 15 और 27 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं, जबकि वार्ड 2, 3, 28, 39 और 40 अनुसूचित जाति के सामान्य वार्ड रहेंगे। ओबीसी के 8 वार्ड, तीन महिलाओं के लिए: अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए कुल 8 वार्ड निर्धारित हुए हैं। इनमें वार्ड 7, 8, 10, 16, 18, 29, 30 व 38 शामिल हैं। इनमें वार्ड 7, 29 व 30 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि वार्ड 8, 10, 16, 18 व 38 ओबीसी सामान्य वर्ग के लिए रहेंगे। सामान्य वर्ग के 25 वार्ड: आरक्षण सूची के अनुसार लॉटरी में सामान्य वर्ग के लिए कुल 25 वार्ड निर्धारित हुए हैं। इनमें वार्ड 1, 5, 11, 12, 13, 17, 21, 22, 24, 25, 26, 31, 32, 34, 35, 36 व 37 सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित किए गए है। इसी प्रकार वार्ड 4, 6, 9, 14, 19, 20, 23 व 33 सामान्य महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं।

लॉटरी के बाद बदले कई दावेदारों के समीकरण: वार्ड आरक्षण की तस्वीर साफ होने के साथ ही केकड़ी की स्थानीय राजनीति में हलचल और तेज होने की संभावना है। पिछले कई दिनों से अपने-अपने वार्ड में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित दावेदार अब लॉटरी के परिणाम के अनुसार रणनीति बनाएंगे। जिन वार्डों का आरक्षण उनके अनुकूल आया है, वहां दावेदारों की सक्रियता बढ़ेगी, जबकि आरक्षण बदलने से कई नेताओं को अब नए विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। विशेष रूप से सामान्य वर्ग के 25 वार्ड होने से सामान्य वर्ग के संभावित दावेदारों के लिए चुनावी मैदान में उतरने के अवसर अपेक्षाकृत अधिक हैं। वहीं एससी और ओबीसी आरक्षण के कारण इन वर्गों के दावेदारों के लिए भी अब वार्डवार तस्वीर स्पष्ट हो गई है।

अध्यक्ष पद सामान्य, अब बोर्ड बनाने की जंग: इससे पहले 13 अगस्त को जयपुर में निकली लॉटरी में केकड़ी नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हुआ था। अब वार्डों की आरक्षण लॉटरी भी पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्षद पदों की चुनावी बिसात भी स्पष्ट हो गई है। अब भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के सामने अपने-अपने वार्ड में जीताऊ प्रत्याशी तलाशने और टिकट वितरण की चुनौती होगी। वहीं अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों की नजर भी ऐसे वार्डों पर रहेगी, जहां से उनके लिए चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हुआ है।

अब शुरू होगी टिकटों की असली दौड़: वार्ड आरक्षण के साथ ही केकड़ी में चुनावी चर्चाओं का दौर और तेज होने की उम्मीद है। कौन सा नेता किस वार्ड से चुनाव मैदान में उतरता है, किसे पार्टी का टिकट मिलता है और कौन निर्दलीय या किसी अन्य राजनीतिक दल के सहारे मैदान में उतरता हैइन सभी सवालों के जवाब आने वाले दिनों में सामने आएंगे। नगर पालिका के 40 वार्डों की आरक्षण लॉटरी ने चुनावी तस्वीर का पहला बड़ा अध्याय पूरा कर दिया है। अब राजनीतिक दलों की रणनीति, टिकटों की दौड़, संभावित बगावत और वार्डवार समीकरण यह तय करेंगे कि आगामी चुनाव में केकड़ी नगर पालिका की सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी।

RELATED ARTICLES