केकड़ी, 19 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सौंदर्यीकरण को नई दिशा देने के लिए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बुधवार को करीब 37.85 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। अजमेर रोड स्थित कृष्णा नगर के पास आयोजित समारोह के दौरान इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, जिनमें शहर का सौंदर्यीकरण, सीसी सड़कों का निर्माण सहित कई अन्य जनकल्याणकारी कार्य शामिल हैं। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य निरंतर प्रगति पर हैं। आने वाले समय में केकड़ी की दशा और दिशा पूरी तरह बदल जाएगी। शहर में इस तरह की योजनाबद्ध विकास परियोजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे केकड़ी बड़े महानगरों की तर्ज पर निखरा हुआ और विकसित नजर आएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में मिलीं सौगातें: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में क्षेत्र को विकास की अभूतपूर्व सौगातें मिल रही हैं। पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान धरातल पर कोई ठोस काम नहीं हुआ, जबकि भाजपा सरकार के बनते ही विकास की गति तेज हुई है। वर्तमान में शहर के लगभग हर मोहल्ले और वार्ड में सीसी सड़क निर्माण व बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का कार्य जोर-शोर से जारी है।

फोरलेन, नेशनल हाईवे व गर्ल्स कॉलेज की बात: क्षेत्र की प्रमुख ढांचागत परियोजनाओं का जिक्र करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि नसीराबाद-देवली फोरलेन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही जयपुर-भीलवाड़ा मार्ग को ‘नेशनल हाईवे‘ के रूप में स्तरोन्नत (अपग्रेड) कराने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शहर में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘गर्ल्स कॉलेज‘ स्थापित कराने की बात भी प्रमुखता से कही।

निकाय चुनावों में भाजपा के बोर्ड का किया दावा: आगामी स्थानीय निकाय व पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूर्ण विश्वास जताया कि केकड़ी, सरवाड़, सावर और टांटोटी में भारी बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनेगा। उन्होंने दावा किया कि केकड़ी शहर में जनता के अभूतपूर्व समर्थन से पार्टी रिकॉर्ड मतों से विजय हासिल करेगी। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, जन प्रतिनिधि, निष्ठावान कार्यकर्ता एवं गणमान्य शहरवासी मौजूद रहे।


