Homeराजनीतिनिकाय चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल...

निकाय चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने थामा कांग्रेस का हाथ

केकड़ी, 25 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): निकाय चुनाव से ठीक पहले स्थानीय राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व चिकित्सा मंत्री व पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा व पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मित्तल को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर संगठन में शामिल कराया। पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने मित्तल का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को भारी मजबूती मिली है। आगामी निकाय चुनाव, पंचायती राज व विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

केकड़ी: कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा।

भाजपा में रहकर घुट रहा था दम: कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में अनिल मित्तल ने कहा कि पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा के कार्यकाल में केकड़ी को जिले का दर्जा मिला था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने इसे समाप्त कर स्थानीय जनता के साथ अन्याय किया है। मित्तल ने कहा कि वे डॉ. रघु शर्मा की विकासपरक सोच से प्रभावित होकर कांग्रेस में आए हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां रहकर उनका दम घुट रहा था और वे पार्टी की कार्यशैली से असंतुष्ट थे। उन्होंने संकल्प जताया कि अब वे जीवनभर एक सच्चे कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा करेंगे।

केकड़ी: प्रेस वार्ता में बोलते अनिल मित्तल, साथ में है पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा एवं अन्य।

36 वर्षों का लंबा राजनीतिक अनुभव: अनिल मित्तल पिछले 36 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी और वर्ष 1995 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से राजकीय महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। इसके बाद वे युवा मोर्चा, व्यापार प्रकोष्ठ, शहर मंडल उपाध्यक्ष, 2015 से 2020 तक नगर पालिका चेयरमैन तथा भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ (अजमेर देहात) के संयोजक जैसे कई अहम पदों पर रहे। मित्तल के इस कदम से वार्ड स्तर पर चुनावी गणित बदलने की संभावना जताई जा रही है। निकाय चुनाव से ठीक पहले एक अनुभवी व जनप्रिय चेहरे की एंट्री से कांग्रेस जहां खुद को मजबूत मान रही है, वहीं भाजपा के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद सईद नकवी, पूर्व प्रधान सीमा चौधरी, पूर्व पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, कांग्रेस प्रवक्ता रतन पंवार, सावर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत, सरवाड़ ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा, पूर्व पार्षद रमाकांत दाधीच, मंजू बज, पूर्व नगर अध्यक्ष निर्मल चौधरी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES