Homeचिकित्साआयुर्वेदिक औषधालय के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक ज्ञान, पंचकर्म...

आयुर्वेदिक औषधालय के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक ज्ञान, पंचकर्म व औषध निर्माण की सीखी तकनीक

केकड़ी, 04 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): एम एल डी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र के 60 छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को कृष्ण गोपाल कालेड़ा आयुर्वेदिक धर्मार्थ औषधालय का शैक्षणिक भ्रमण कर आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति व पंचकर्म चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने औषधालय की कार्यप्रणाली, औषध निर्माण प्रक्रिया व रोगियों को दी जाने वाली चिकित्सा सेवाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। औषधालय पहुंचने पर फार्मेसी अध्यक्ष कृष्णनाथ तिलक व मैनेजिंग डायरेक्टर कौशल शर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए औषध निर्माण, भंडारण व वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा की बढ़ती उपयोगिता व इसके वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। आयुर्वेद सीनियर परिचारक डॉ. दिनेश सेन ने विद्यार्थियों को पंचकर्म चिकित्सा पद्धति से अवगत कराया।

विभिन्न यंत्रों का किया प्रदर्शन: डॉ. दिनेश सेन ने पंचकर्म में प्रयुक्त विभिन्न यंत्रों व उपकरणों का प्रदर्शन करते हुए उनके उपयोग व कार्यप्रणाली की जानकारी दी। डॉ. अशोक शर्मा व मेडिकल ऑफिसर विजेंद्र चौधरी ने विभिन्न रोगों, उनके कारण, बचाव व आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों की विस्तार से जानकारी देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। डॉ. दिव्या गामोत ने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में व्यावसायिक दक्षता, आत्मविश्वास व सेवा भावना का विकास करते हैं। अंत में संस्थान परिवार ने औषधालय प्रबंधन व चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES