Homeसमाजश्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया भगवान नेमिनाथ का जन्म व तप...

श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया भगवान नेमिनाथ का जन्म व तप कल्याणक महोत्सव

केकड़ी, 18 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): 22वें तीर्थंकर भगवान श्री नेमिनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव आर्यिका सुरम्यमति माताजी ससंघ के सानिध्य में धार्मिक हर्षोल्लास के साथ बोहरा कॉलोनी स्थित श्री नेमिनाथ मंदिर में मनाया गया। प्रातःकाल पंडित निकेत शास्त्री के निर्देशन में जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना व संगीतमय वातावरण में भगवान नेमिनाथ विधान का आयोजन हुआ। मंदिर में मूलनायक भगवान नेमिनाथ की शांतिधारा करने का सौभाग्य भागचन्द, ज्ञानचन्द, जैन कुमार, विनय कुमार, वर्धमान, सोनू व मोनू भगत परिवार को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि भगवान नेमिनाथ ने प्राणी मात्र के प्रति दया और करुणा का संदेश दिया है। जीवन में दुर्गुणों से बचते हुए और दूसरों से तुलना कर ईर्ष्या पालने के बजाय परमात्मा के प्रति अनुरक्ति रखने से ही मोक्ष मार्ग प्रशस्त होता है।

बुधवार को मनाएंगे पार्श्वनाथ मोक्ष कल्याणक महोत्सव: मीडिया प्रभारी रमेश जैन ने बताया कि सापण्दा रोड स्थित नवीन धर्मसभा पांडाल में गोम्मटसार जीवकांड का स्वाध्याय व जिज्ञासा समाधान हुआ। संध्या समय 48 दीपकों द्वारा भक्तामर स्तोत्र पाठ, भव्य इंद्र दरबार और भगवान नेमिनाथ को पालना झुलाने का कार्यक्रम भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। दिलीप जैन के अनुसार बुधवार को 23वें तीर्थंकर भगवान श्री पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्री नेमिनाथ मंदिर, आदिनाथ मंदिर व पार्श्वनाथ मंदिर में शांतिधारा कर निर्वाण लाडू अर्पित किए जाएंगे तथा पार्श्वनाथ मंदिर में विधान व माताजी के प्रवचन होंगे।

RELATED ARTICLES