Homeसमाजवाहन रैली, महाआरती व हनुमान चालीसा के पाठ के साथ भगवान परशुराम...

वाहन रैली, महाआरती व हनुमान चालीसा के पाठ के साथ भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आगाज; रविवार को निकलेगी शोभायात्रा

केकड़ी, 18 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का शुभारंभ शनिवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ। राजस्थान ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के पहले दिन शहर के प्रमुख मार्गों से विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसमें समाज के महिला व पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक महेंद्र पारीक ने भगवा ध्वज दिखाकर वाहन रैली को रवाना किया। नगरपालिका परिसर से प्रारंभ हुई यह रैली सिटी पुलिस थाना, बस स्टैंड व कोटा रोड होते हुए परशुराम सर्किल पहुंची। रैली में दुपहिया वाहनों पर सवार समाजजन भगवान परशुराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

संगीतमय हनुमान चालीसा व दीपोत्सव: वाहन रैली के परशुराम सर्किल पहुंचने पर समाज के लोगों ने भगवान परशुराम को नमन किया। इस अवसर पर सामूहिक रूप से संगीतमय हनुमान चालीसा के पांच पाठ किए गए। इसके पश्चात भव्य दीपोत्सव, महाआरती व प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। “जय परशुराम” के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान रहा। महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को प्रातः काल: परशुराम सर्किल पर विशेष पूजा-अर्चना व धार्मिक अनुष्ठान होंगे। दोपहर 3:15 बजे पारीक संस्था से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा जूनियां गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, पाल टॉकीज, बस स्टैंड व तेलियान मंदिर मार्ग से होते हुए पुनः पारीक संस्था पहुंचेगी। सायं 6:00 बजे राजपुरा रोड स्थित पारीक संस्था में सामूहिक स्नेहभोज का आयोजन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES