Homeक्राइम न्यूजपैरोल से फरार व एनडीपीएस एक्ट का स्थाई वारंटी गिरफ्तार, मध्यप्रदेश पुलिस...

पैरोल से फरार व एनडीपीएस एक्ट का स्थाई वारंटी गिरफ्तार, मध्यप्रदेश पुलिस को सौंपा

केकड़ी, 25 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर जिले में वांछित व फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत सराना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पैरोल से फरार चल रहे व मध्यप्रदेश के प्रकरण में वांछित स्थाई वारंटी खुशीराम उर्फ सत्येन्द्र (20) को डिटेन कर संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि आरोपी खुशीराम उर्फ सत्येन्द्र जाट पुत्र कालूराम निवासी बड़ला अपने निवास स्थान पर मौजूद है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी व घेराबंदी कर आरोपी को डिटेन कर लिया।

संबंधित थाना पुलिस को किया सुपुर्द: जांच में सामने आया कि आरोपी 2 मई को 7 दिवस की पैरोल पर रिहा हुआ था। पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद 9 मई को उसे कनावटी जेल (जिला नीमच, म.प्र.) में वापस उपस्थित होना था, लेकिन वह फरार हो गया। इसके अलावा उसके विरुद्ध विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट, जावद, नीमच) द्वारा एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में स्थाई वारंट भी जारी किया गया था। आरोपी को डिटेन करने के बाद थानाधिकारी पुलिस थाना सिंगोली (जिला नीमच, म.प्र.) को सूचित किया गया। तत्पश्चात अग्रिम वैधानिक कार्रवाई व वारंट की तामील के लिए आरोपी को मध्यप्रदेश पुलिस की टीम को सौंप दिया गया है।

इस टीम को मिली सफलता: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा, कांस्टेबल शंकर, रामनिवास व अरुण ने सराहनीय भूमिका निभाई है। थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने व फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES