केकड़ी, 29 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सूखे व प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहे केकड़ी क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। फसल खराबे से प्रभावित हजारों किसान परिवारों को 54 करोड़ 52 लाख 65 हजार 535 रूपए की रिकॉर्ड मुआवजा राशि वितरित की गई है। सरकार के इस निर्णय से न केवल किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता व सुशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह सहायता राशि सीधे तौर पर किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है, जिससे उनके आत्मविश्वास को नई शक्ति मिली है।

तहसीलवार वितरण के आंकड़े: विधायक शत्रुघ्न गौतम के निजी सचिव अश्विनी शर्मा ने बताया कि केकड़ी तहसील के 23,527 किसानों के लिए 18 करोड़ 28 लाख 42 हजार 751 रुपए, सरवाड़ तहसील के 25,238 किसानों के लिए 23 करोड़ 87 लाख 42 हजार 751 रुपए, सावर तहसील के 13,718 किसानों के लिए 8 करोड़ 46 लाख 94 हजार 992 रुपए एवं टांटोटी तहसील के 4,605 किसानों के लिए 3 करोड़ 89 लाख 73 हजार 705 रुपए की राशि जारी की गई है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि इतनी बड़ी राशि के सीधे बाजार में पहुंचने से स्थानीय व्यापार व ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा। लंबे समय से राहत की प्रतीक्षा कर रहे किसानों ने इस फैसले पर संतोष व्यक्त किया है। इस कदम से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकार के लिए किसान हित सर्वोपरि हैं। सुशासन व विकास की इस नई मिसाल ने क्षेत्र के हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद व आत्मनिर्भरता का संचार किया है।


