केकड़ी, 22 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मुकद्दस सफर-ए-हज पर रवाना होने वाले जायरीन को बुधवार को बघेरा ग्राम में भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर पूरा गांव उत्साह व उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। बघेरा से हज यात्रा पर जा रहे मुंशी मोहम्मद व फरीदा बेगम तथा कोठिया से रमजानी व नूरजहां का मुस्लिम समाज सहित सर्वसमाज के लोगों ने गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। विदाई के अवसर पर जामा मस्जिद के पास से गाजे-बाजे व मजहबी नारों के साथ जुलूस की शुरुआत हुई। यह जुलूस सदर बाजार व तोरण थाम सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे रास्ते ग्रामीणों ने हज यात्रियों पर फूल बरसाकर उनके सुरक्षित सफर की कामना की।

सामाजिक सौहार्द की मिसाल: इस आयोजन की सबसे खास बात सामाजिक सौहार्द की अनुपम झलक रही। विदाई समारोह में मुस्लिम समाज के साथ-साथ हिन्दू भाइयों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया व कौमी एकता की मिसाल पेश की। हर कोई हज यात्रियों के सुरक्षित व सफल सफर के लिए दुआ करता नजर आया। सर्वसमाज के लोगों ने जायरीन को फूल मालाएं पहनाकर उन्हें विदा किया। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष, बुजुर्ग व युवा शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय व भावुक हो गया। विदाई की घड़ी में जहां परिजनों की आंखें नम थीं, वहीं चेहरे पर इस पवित्र यात्रा को लेकर गर्व व खुशी भी झलक रही थी। अंत में सभी ने हज यात्रियों के सकुशल लौटने व वतन की खुशहाली की दुआ मांगी।


