केकड़ी, 07 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के बीच भाजपा ने विकास कार्यों और संगठनात्मक मजबूती को अपना प्रमुख मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश की भजनलाल शर्मा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास का नया खाका तैयार हुआ है। सरकार ने आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केकड़ी विधानसभा क्षेत्र भी विकास के मामले में पीछे नहीं है और सड़क, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम हो रहे हैं। गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। देवली-नसीराबाद फोरलेन के लिए 1270 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। देवली से केकड़ी तक फोरलेन का काम धरातल पर शुरू हो चुका है, जबकि केकड़ी से नसीराबाद के हिस्से के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। दिसंबर में टेंडर होने के साथ ही इस हिस्से का काम भी शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस फोरलेन का शिलान्यास उनकी सरकार ने किया है, उसका उद्घाटन भी इसी शासनकाल में होगा।

कांग्रेस नेताओं पर लगाए तीखे आरोप: कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि रघु शर्मा कांग्रेस के लिए पनौती साबित हुए हैं। जिस क्षेत्र में उन्होंने पैर रखा, वहां कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ा। उन्होंने कांग्रेस पर पार्टी को ‘धन्ना सेठों’ के हाथों सौंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के एक पूर्व पालिका अध्यक्ष ने पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दिया है। निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भी गौतम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केकड़ी नगर पालिका के सभी 40 वार्डों में पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है। इसके विपरीत कांग्रेस के नवोदित नेता ने स्वयं, अपनी पत्नी और परिवार के साथ-साथ दोस्त, मुनीम, चालक, परिचालक आदि को टिकट देकर कांग्रेस के पुराने और समर्पित नेताओं को दरकिनार कर दिया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पुराने नेता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

कांग्रेस को विकास दिखाई नहीं देता: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को मोतियाबिंद हो गया है, जिसके कारण उन्हें केकड़ी में हो रहे विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि केकड़ी में रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। विधानसभा क्षेत्र में विकास के कामों में कोई कमी नहीं रखी गई है। उन्होंने कहा कि नए बने जिलों में अभी तक रोडवेज डिपो स्थापित नहीं हो पाए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केकड़ी को रोडवेज डिपो की सौगात दी। केकड़ी रोडवेज डिपो ने शुरुआती समय में ही बेहतर प्रदर्शन करते हुए राजस्थान में अपनी पहचान बनाई है। गौतम ने कहा कि केकड़ी में नई कोर्ट और मिनी सचिवालय के कार्य भी जल्द शुरू होने वाले हैं। बड़ा तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यकरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। अस्पताल का काम भी कुछ दिन पहले पूरा हुआ है, जबकि कांग्रेस के पिछले कार्यकाल में इसका उद्घाटन पहले ही कर दिया गया था।

काम से जनता प्रभावित होती तो कांग्रेस को दो बार हार नहीं मिलती: कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए गौतम ने कहा कि यदि उनके काम से जनता प्रभावित होती तो उन्हें केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में दो बार हार का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को विकास के मुद्दे पर खुली चर्चा की चुनौती देते हुए कहा कि पिछली बार राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी और केकड़ी नगर पालिका में भी कांग्रेस का चेयरमैन था। इसके बावजूद विकास के नाम पर कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को काम करना नहीं, बल्कि बड़ी-बड़ी बातें करना आता है। भाजपा सरकार ने विकास का खाका तैयार किया है और आने वाले समय में इसके परिणाम जनता के सामने होंगे। गौतम ने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े एक मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि एक व्यक्ति न्याय की गुहार लेकर उनके पास आया था, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। बाद में उसने पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनता के बीच कहने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। कांग्रेस केवल जनता को बरगलाने का काम करेगी, जबकि भाजपा विकास के काम करेगी।

शिक्षा क्षेत्र में 60-70 करोड़ के काम: शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में करीब 60 से 70 करोड़ रुपए की लागत से कक्षा-कक्ष निर्माण सहित अन्य कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बड़े शहरों तक विकास सीमित रखना नहीं, बल्कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। 40 वार्डों के प्रत्याशियों को बताया जमीनी कार्यकर्ता: नगर पालिका चुनाव को लेकर विधायक गौतम ने कहा कि भाजपा ने केकड़ी के सभी 40 वार्डों में ऐसे प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है, जो लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन के लिए काम करते रहे हैं। उन्होंने सभी भाजपा प्रत्याशियों का परिचय पत्रकारों के समक्ष रखते हुए कहा कि भाजपा के सभी प्रत्याशी जमीनी कार्यकर्ता हैं और वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव में भाजपा विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर सभी 40 वार्डों में जीत का लक्ष्य लेकर चुनाव मैदान में उतरी है।


