केकड़ी, 26 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत कोहड़ा मुख्यालय पर किया गया। इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, विकास अधिकारी दिशी शर्मा व समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों सहित भाजपा ब्रह्माणी माता मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर व बावन माता मंडल अध्यक्ष राजवीर हावा मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सरोवर पूजन कर ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई व जीवन में जल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

5 जून तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम: विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की व प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण के महत्व को देखते हुए 25 मई 2026 से अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 तक राज्य, जिला, ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।


