केकड़ी, 07 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रावणा राजपूत समाज के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव शंकर सिंह राठौड़ ने कहा कि समाज में शिक्षा की अलख जगाने और युवाओं को रोजगार से जोड़कर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। सामाजिक कुरीतियों से सामाजिक विकास अवरूद्ध होता है, अतः इनके उन्मूलन का संकल्प लेना होगा। समाज में शिक्षा और रोजगार उनकी प्राथमिकता के कार्य है। वे रावणा राजपूत समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के विश्वास और समाज के आशीर्वाद ने उन्हें सेवा कार्य के लिए सदैव ऊर्जा व प्रेरणा प्रदान की है। इसके साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।

माता वैष्णो देवी की पूजा अर्चना से हुआ शुभारंभ: अभिनंदन समारोह के आरंभ में सर्वप्रथम संस्था भवन में स्थापित वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात मेजर दलपत सिंह हाइफा हीरो के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय महासचिव शंकर सिंह राठौड़ का माल्यार्पण व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में एक नन्हा पौधा भेंट किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाज बंधुओं द्वारा उन्हें तलवार भी भेंट की गई।

समाज बंधुओं की रही गरिमामयी उपस्थिति: समारोह के अवसर पर कमल हाडा, रिंकू गोगावत, हिम्मत सिंह व सुरेश सिंह अरवड़ ने भी समाज को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में भैरुसिंह राठौड़, देवल गौड़, गणेश सिंह, राजेन्द्र सिसोदिया, नन्द सिंह राजावत, लक्ष्मी राठौड़, सीमा सिसोदिया, जगदीश सिंह, रामनारायण सिंह, हर्षवर्धन सिंह, रोहित सिंह, लाली कंवर, बीना कंवर, जड़ाव कंवर व शकुंतला कंवर सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निरंजन सिंह गौड़ ने किया।


