केकड़ी, 25 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में रविवार को अमृत परियोजना के तहत ‘स्वच्छ जल स्वच्छ मन’ अभियान का दूसरा चरण आयोजित किया गया। अभियान के तहत जयपुर रोड चौराहे पर स्थित प्राचीन जलाशय पोकी नाडी एवं उसके आसपास के क्षेत्र की साफ सफाई की गई तथा पौधारोपण कर क्षेत्र का कायाकल्प किया गया। केकड़ी ब्रांच मुखी अशोक कुमार रंगवानी ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा के आव्हान पर आयोजित अभियान की शुरुआत में मुख्य अतिथि एवं केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पाम का पौधा लगाया। पत्रकार सुरेन्द्र जोशी ने भी पौधारोपण कर सेवादारों का उत्साहवर्धन किया।

महिला व बच्चे भी नहीं रहे पीछे रंगवानी ने बताया कि अमृत परियोजना का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण है। इसके तहत जल निकायों को स्वच्छ रखने एवं स्थानीय जनता को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। शुरुआत में सेवादारों ने सद्गुरु प्रार्थना की। टांकावास ब्रांच मुखी कालूराम निरंकारी की देखरेख में सेवादल इंचार्ज बालूराम कहार व केकड़ी के कार्यवाहक सेवादल इंचार्ज प्रेम जेठवानी के नेतृत्व में सेवादारों ने पोकी नाडी व इसके आसपास की सफाई की। इस दौरान यहां विभिन्न प्रजातियों के लगभग तीन सौ पौधे लगाए गए। अभियान में महिलाओं व बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

सेवादारों को कराया जलपान केकड़ी ब्रांच मीडिया सहायक राम चन्द टहलानी व मीडिया सहायक सुरेश चंद कहार ने बताया कि अभियान के दौरान श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष चंचल चौकड़ीवाल के नेतृत्व में श्याम प्रेमियों ने समस्त सेवादारों को जलपान करवाया। अभियान का अवलोकन करने के लिए शहर के कई गणमान्य नागरिक व प्रतिष्ठित व्यापारी बंधु उपस्थित हुए एवं मिशन के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

निखर कर आया स्वरूप पोकी नाडी के आसपास जहां हर समय गंदगी नजर आती थी। वहीं लगातार आठ घण्टे तक चले अभियान के बाद पोकी नाडी का स्वरूप निखर कर सामने आया। साफ—सफाई एवं पौधरोपण के बाद इलाका साफ सुथरा नजर आने लगा। अभियान में केकड़ी, टांकावास, गुलगांव समेत अन्य गांवों से आए लगभग 175 सेवादारों ने भाग लिया। सफाई के बाद कचरा संग्रहण करने में नगर परिषद ने विशेष सहयोग किया।