Homeक्राइम न्यूजनामांतरण विवाद: मृतक भाई की पूर्व पत्नी व बेटी के नाम जमीन...

नामांतरण विवाद: मृतक भाई की पूर्व पत्नी व बेटी के नाम जमीन दर्ज होने पर टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे बाद उतरा नीचे

केकड़ी, 22 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नागोला के समीप ग्राम चांपानेरी में शनिवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर एक युवक के अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। मृतक भाई की पूर्व पत्नी व बेटी के नाम गलत तरीके से नामांतरण खोलने का आरोप लगाते हुए युवक ने विरोध दर्ज कराया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के त्वरित हस्तक्षेप व आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार चांपानेरी निवासी मिट्ठू लाल जाट पुत्र रामचंद्र जाट के भाई उदाराम जाट की करीब 12 वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। उदाराम की मृत्यु के लगभग एक वर्ष बाद उसकी पत्नी भगवती जाट नाता प्रथा के तहत दूसरा विवाह करके चली गई थी, जिसके साथ उसकी पुत्री मनीषा भी चली गई थी। गत 19 अगस्त 2026 को प्रशासन द्वारा उदाराम की संपत्ति का नामांतरण उसकी पूर्व पत्नी और बेटी के नाम खोल दिया गया, जिससे नाराज होकर मिट्ठू लाल शनिवार सुबह करीब 9 बजे टावर पर चढ़ गया।

4 घंटे चला ड्रामा, आश्वासन के बाद नीचे उतरा युवक: सूचना मिलते ही देवलिया कला नायब तहसीलदार प्रकाश चंद बोहित व भिनाय थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह राठौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने टावर पर चढ़े युवक से बात की और समझाइश शुरू की। नायब तहसीलदार द्वारा प्रकरण की कानूनी जांच कराने और नामांतरण गलत पाए जाने पर उसे निरस्त करने का लिखित/मौखिक आश्वासन दिए जाने के बाद दोपहर करीब 1 बजे (4 घंटे बाद) युवक सकुशल नीचे उतर आया। इस संबंध में देवलिया कला के नायब तहसीलदार प्रकाश चंद बोहित ने बताया कि टावर पर चढ़ा युवक समझाइश के बाद नीचे उतर गया है। मिट्ठू लाल से परिवाद ले लिया गया है। पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी; यदि नामांतरण गलत तरीके से खोला जाना पाया गया तो उसे निरस्त कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES