केकड़ी, 22 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुलगांव में जलदाय विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद प्रशासनिक कार्रवाई के बाद थम गया है। पंचायत समिति सदस्य और भाजपा नेता रविंद्र प्रताप सिंह के शुक्रवार रात पानी की टंकी से उतरने के बाद प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए निर्माणाधीन दुकानों पर नोटिस चस्पा कर काम बंद करवा दिया है। गुलगांव बस स्टैंड स्थित जलदाय विभाग की पानी की टंकी और पंप हाउस की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण के विरोध में भाजपा के पंचायत समिति सदस्य रविंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार शाम को पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा 7 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने और निर्माण स्थल पर ताला लगाने का आश्वासन दिए जाने के बाद वे देर रात करीब 9 बजे टंकी से नीचे उतरे।

पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई: मामले को शांत कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम सुरेश कुमार बलाई, एएसपी राजेश कुमार मील, तहसीलदार सत्यनारायण लोहार, सदर थानाधिकारी मुकेश गौरा और सावर थानाप्रभारी बनवारी लाल मीणा देर रात तक मौके पर डटे रहे। इसके बाद सावर पंचायत समिति प्रशासन ने केकड़ी सदर थाना पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन दुकानों के बाहर नोटिस चस्पा किए। नोटिस में सिविल न्यायाधीश केकड़ी के प्रकरण संख्या 25/2026 में रविंद्र सिंह बनाम ग्राम पंचायत गुलगांव के तहत जारी अंतरिम निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया गया है। इस संबंध में पंचायत प्रशासक नीरज चौधरी का कहना रहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जो भी फैसला आएगा, वह मान्य होगा।
संबंधित समाचार पढ़िए…

