Homeशासन प्रशासनवाहन चालान के विरोध में चादर फैलाकर जुटाया जनसहयोग, सिक्कों से भरे...

वाहन चालान के विरोध में चादर फैलाकर जुटाया जनसहयोग, सिक्कों से भरे थैले लेकर परिवहन कार्यालय पहुंचे आंदोलनकारी

केकड़ी, 01 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला बहाली आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं के वाहनों को जब्त करने व भारी चालान काटने के विरोध में मंगलवार को अनूठा विरोध प्रदर्शन किया गया। सावर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने बाजारों में कपड़े की चादर फैलाकर आमजन से सहयोग राशि जुटाई और उसी राशि से परिवहन विभाग के चालानों का भुगतान किया। शक्तावत के नेतृत्व में मुख्य बाजारों में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आमजन से आंदोलनकारियों की सहायता व समर्थन के लिए सहयोग राशि देने की अपील की। इस दौरान क्षेत्र के व्यापारियों व नागरिकों ने चादर में सिक्के व नोट डालकर आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता कोटा रोड से पैदल मार्च करते हुए अजमेर रोड स्थित परिवहन विभाग कार्यालय पहुंचे।

राजनीतिक द्वेष के चलते आवाज दबाने का आरोप: परिवहन कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष शक्तावत ने आरोप लगाया कि 18 मई से शुरू हुए जिला बहाली आंदोलन के तहत बड़ी संख्या में लोग जयपुर कूच कर रहे थे, लेकिन उन्हें रोकने के लिए प्रशासन ने जगह-जगह नाकाबंदी कर दी और जबरन वाहनों को जब्त कर लिया। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते आंदोलनकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने पहले वाहनों का सामान्य चालान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों के वाहनों पर भारी-भरकम जुर्माने थोप दिए गए।

केकड़ी: जिला परिवहन कार्यालय में अधिकारियों से वार्ता करते आंदोलनकारी।

सिक्कों से भरे थैलों में जमा कराई चालान राशि: विरोध प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारी अपने साथ बाजारों से एकत्रित हुए सिक्कों व छोटे नोटों से भरे थैले लेकर पहुंचे थे। उन्होंने यही थैले परिवहन विभाग के अधिकारियों को सौंपकर चालान राशि जमा करवाई। सिक्कों से भरे थैलों को देखकर विभाग के कर्मचारी भी अचरज में पड़ गए। शक्तावत ने कहा कि जिला बहाली की मांग पूरी तरह लोकतांत्रिक है। जब तक क्षेत्र को पुनः जिला घोषित नहीं किया जाता, तब तक यह लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लगातार जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES