Homeक्राइम न्यूजअवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में...

अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में टोपीदार बंदूक सहित दो आरोपी गिरफ्तार

केकड़ी, 29 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केकड़ी शहर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो आरोपियों को दो अवैध सिंगल बैरल (एक नाली) टोपीदार बंदूक सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में शहर थानाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में टीमों का गठन कर यह प्रभावी कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई में शहर थाने के हेड कांस्टेबल कालूराम मय जाप्ता गश्त व निगरानी के दौरान सूचना मिली कि देवगांव रोड बघेरा के पास एक व्यक्ति अवैध बंदूक लेकर घूम रहा है।

पुलिस टीम को देख छिपने का किया प्रयास: सूचना विश्वसनीय होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति हाथ में टोपीदार बंदूक लिए नजर आया। पुलिस को देखकर वह गड्ढों की आड़ में छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।  पूछताछ में उसने अपना नाम शंकर पुत्र देवा मोग्या (45) निवासी हरिरामपुरा कॉलोनी बघेरा बताया। बंदूक का वैध लाइसेंस नहीं होने पर पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल कुमार, एएसआई सम्पतराज, हेड कांस्टेबल कालूराम, छोटूराम, कांस्टेबल विवेक, विनोद, दिनेश, बलवान व दीनदयाल शामिल रहे। 

डाई नदी के किनारे टपरी से दबोचा: पुलिस को दूसरी सफलता एएसआई चिम्मन लाल मय जाप्ता को गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मिली। मुखबिर ने सूचना दी कि छाबड़िया गांव के पास डाई नदी के किनारे एक मोग्या की टपरी (झोपड़ी) में रहने वाले व्यक्ति के पास टोपीदार बंदूक है। पुलिस टीम ने तुरंत छाबड़िया पहुंचकर टपरी में बैठे व्यक्ति को चेक किया, जिसके पास एक नाली टोपीदार बंदूक बरामद हुई। आरोपी ने अपना नाम नानाराम पुत्र सुल्तान मोग्या (42) निवासी छाबड़िया बताया। लाइसेंस पेश नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी नानाराम को गिरफ्तार कर बंदूक जब्त कर ली। पुलिस ने इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है। कार्रवाई टीम में थानाधिकारी अनिल कुमार, एएसआई उपनिरीक्षक चिम्मन लाल, हेड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल शिवजीराम, राजेन्द्र, संदीप, दीनदयाल व विवेक शामिल थे।

RELATED ARTICLES