केकड़ी, 22 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका केकड़ी में अध्यक्ष पद के चुनाव के ठीक एक दिन बाद उपाध्यक्ष पद के चुनाव में सियासी समीकरण बदलते नजर आए। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राजेंद्र चौधरी ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए भाजपा के कैलाश चौधरी को 4 मतों से पराजित कर दिया। राजेंद्र चौधरी को 22 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी के खाते में 18 मत आए। जीत की घोषणा होते ही आरएलपी, कांग्रेस एवं समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

नाम वापसी के बाद दो प्रत्याशियों में हुआ मुकाबला: उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत भाजपा के कैलाश चौधरी, कांग्रेस के आशाराम वैष्णव और आरएलपी के राजेंद्र चौधरी ने निर्वाचक पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नाम वापसी की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी आशाराम वैष्णव ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के कैलाश चौधरी और आरएलपी के राजेंद्र चौधरी के बीच सीधा मुकाबला रह गया।

22-18 से जीता मुकाबला: 40 सदस्यीय नगर पालिका बोर्ड में कांग्रेस के 20, भाजपा के 18 और आरएलपी के 2 पार्षद हैं। एक दिन पहले हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के अनिल मित्तल ने भाजपा के विनीत जैन को 21-19 से पराजित कर अध्यक्ष पद हासिल किया था। मगर उपाध्यक्ष चुनाव में तस्वीर अलग रही। आरएलपी प्रत्याशी राजेंद्र चौधरी ने 22 मत हासिल कर उपाध्यक्ष पद अपने नाम किया, जबकि कैलाश चौधरी 18 मतों पर सिमट गए।

दिलाई शपथ: मतदान प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस व भाजपा के पार्षद एक साथ समूह में मतदान स्थल पर पहुंचे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की गई। मतगणना में राजेंद्र चौधरी को 22 तथा कैलाश चौधरी को 18 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित करते हुए निर्वाचक पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने राजेंद्र चौधरी को निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम: उपाध्यक्ष पद के चुनाव को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से तहसील परिसर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, शहर थानाधिकारी जगदीश चौधरी, सदर थानाधिकारी मुकेश गोरा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था संभाली।

बोले राजेंद्र चौधरी—विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा: उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों समेत अन्य ने उन्हें उपाध्यक्ष पद के लिए समर्थन देकर जो विश्वास व्यक्त किया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।


