Homeशिक्षाएमएलडी कॉलेज में छात्राध्यापिकाओं ने किया मॉक पोल, लक्ष्मी बैरवा विजयी; 66.66...

एमएलडी कॉलेज में छात्राध्यापिकाओं ने किया मॉक पोल, लक्ष्मी बैरवा विजयी; 66.66 प्रतिशत हुआ मतदान

केकड़ी, 22 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय (एम एल डी कॉलेज) में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC 2.0) के अंतर्गत छात्राध्यापिकाओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए डमी मॉक पोल (मतदान अभ्यास) का आयोजन किया गया। इस मॉक पोल में सपना कुमारी रेगर व लक्ष्मी बैरवा उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में रहीं, जिसमें छात्राध्यापिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुनाव में 66.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्ति के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई गई मतगणना में लक्ष्मी बैरवा विजयी घोषित हुईं।

दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण: मॉक पोल के दौरान छात्राध्यापिकाओं को मतदान केंद्र पर होने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय, पीठासीन अधिकारी, पोलिंग एजेंट, नामांकन अधिकारी तथा मतगणना अधिकारी सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन स्वयं छात्राध्यापिकाओं ने किया। मतदाता की पहचान, मतदान केंद्र में प्रवेश, मार्किंग व मतदान पेटी में मत डालने की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया।

केकड़ी: एमएलडी कॉलेज में मतदान अभ्यास में भाग लेती छात्राध्यापिकाएं।

इन्होंने किया सहयोग: कार्यक्रम में नामांकन अधिकारी के रूप में कोमल व रेनू शर्मा तथा निर्वाचन अधिकारी के रूप में टीना, अंजना व तनु ने दायित्व संभाला। पोलिंग एजेंट प्रथम के रूप में सुमन व द्वितीय के रूप में सुगना ने भूमिका निभाई। पीठासीन अधिकारी व मतगणना अधिकारी के रूप में अंजलि धाकड़ व निर्मला ने जिम्मेदारी संभाली। वहीं उर्मिला, पूजा भांभी, पूजा, कोमल आचार्य व हेमकंवर ने स्वयंसेवक के रूप में सहयोग दिया।

फर्जी मतदान रोकने का कराया अभ्यास: मॉक पोल के दौरान डमी कैंडिडेट व फर्जी मतदाता के रूप में मतदान का प्रयास करने वालों की पहचान कर उन्हें रोका गया, जिससे छात्राध्यापिकाओं को निष्पक्ष मतदान, सतर्कता व फर्जी मतदान रोकने का व्यावहारिक अनुभव मिला। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां भावी शिक्षकों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष मतदान व मतदाता जागरूकता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं। कार्यक्रम में वीएलसी प्रभारी रामलाल खटीक व सीमा लोहार सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

RELATED ARTICLES