केकड़ी, 15 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा संस्थान में वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में दी गई शिकायत पर प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। विद्यार्थियों द्वारा गत 10 जून 2026 को सौंपे गए प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने सोमवार को संस्थान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने वहां उपस्थित कार्मिकों व छात्र-छात्राओं से मामले की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान यह बात सामने आई कि विद्यार्थियों ने संस्थान में हो रही वित्तीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए ‘सूचना का अधिकार अधिनियम‘ (RTI) के तहत संस्था प्रधान के समक्ष आवेदन किया था।

उपखण्ड अधिकारी ने अपनाया कड़ा रुख: विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करने के बावजूद संस्थान प्रशासन द्वारा वांछित सूचना उपलब्ध नहीं करवाई गई। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपखंड अधिकारी ने संस्था प्रधान को अविलंब विद्यार्थियों द्वारा मांगी गई सभी वांछित सूचनाएं प्रदान करने के सख्त निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान संस्थान में एक कार्मिक अपनी सीट से अनुपस्थित पाया गया। हालांकि इस संबंध में जब अधिकारियों द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई तो सामने आया कि उक्त कार्मिक की ड्यूटी किसी अन्य राजकीय कार्य में लगी होने के कारण वह संस्थान में उपस्थित नहीं था।


