Homeसमाज17 जून को ध्वजारोहण के साथ होगा शुरू महेश नवमी महोत्सव, 21...

17 जून को ध्वजारोहण के साथ होगा शुरू महेश नवमी महोत्सव, 21 को रक्तदान शिविर व 23 जून को मनेगा मुख्य समारोह

केकड़ी, 15 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): माहेश्वरी समाज द्वारा भगवान श्री महेश की आराधना का महापर्व महेश नवमी महोत्सव 2026हर्षोल्लास व भव्यता के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के तहत धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक व सेवा गतिविधियों की विभिन्न श्रृंखलाएं आयोजित की जाएंगी, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। संयोजक छीतरमल न्याती ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 17 जून 2026 को प्रातः ध्वजारोहण समारोह के साथ होगा। इसके पश्चात श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल व श्री माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज होगा। यह प्रतियोगिताएं 17 जून से 20 जून तक आयोजित होंगी, जिनमें समाज के बालक-बालिकाएं, युवा, महिलाएं व वरिष्ठजन भाग लेंगे।

ये होंगे आयोजन: श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल द्वारा 21 जून 2026 को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। समाज के युवाओं व रक्तदाताओं से इस पुनीत कार्य में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया है। महोत्सव का मुख्य समारोह 23 जून 2026 को महेश नवमी के दिन आयोजित होगा। इस अवसर पर भगवान श्री महेश का विशेष पूजन-अर्चन, भव्य शोभायात्रा, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम व समाज की प्रतिभावान प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। महोत्सव संयोजक ने बताया कि विभिन्न समितियां इस पांच दिवसीय भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES