केकड़ी, 29 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सब्जी मंडी स्थित गांधी पार्क में नियमित योग कक्षा के उपरांत नवकुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें महिला व पुरुष योग साधकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां देकर विश्व कल्याण, उत्तम स्वास्थ्य व सुख-समृद्धि की कामना की। यज्ञ मुनि कपूरचंद सोनी व भारत स्वाभिमान के संयोजक सत्यनारायण सोनी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान गांधी पार्क योग परिवार के साधकों ने मुख्य योग शिक्षक जे.पी. सोनी का मोतियों की माला, दुपट्टा, शॉल व पगड़ी पहनाकर भावपूर्ण अभिनंदन किया। इसके साथ ही सत्यनारायण सोनी का भी सम्मान किया गया।

गुरु का मार्गदर्शन दिखाता है सही राह: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पतंजलि योग समिति के प्रभारी व मुख्य योग शिक्षक जे.पी. सोनी ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु ही मनुष्य को सही मार्ग का ज्ञान कराता है। वर्तमान समय की अनियमित जीवनशैली व बढ़ते रोगों के बीच योग ऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने की दिशा दिखाई है। उनके प्रयासों से आज योग घर-घर तक पहुंचा है। भारत स्वाभिमान के संयोजक सत्यनारायण सोनी ने यज्ञ के आध्यात्मिक व वैज्ञानिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। इस दौरान पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि, युवा भारत, किसान सेवा समिति समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े योग साधक उपस्थित रहे।


