डिच्चपल्ली (तेलंगाना), 08 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): खरतरगच्छाधिपति आचार्य श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा. का 53वां संयम महोत्सव मंगलवार 7 जुलाई को तेलंगाना राज्य के डिच्चपल्ली ग्राम में श्रद्धा व भक्तिभाव के साथ मनाया गया। श्री संघ शास्ता वर्षावास समिति हैदराबाद त्रयनगर के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गणिवर्य मयंकप्रभसागरजी म.सा. आदि ठाणा-9 की पावन निश्रा एवं साध्वी प्रियकल्पनाश्रीजी म.सा. व साध्वी प्रियस्वर्णांजनाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा-12 की पावन सानिध्यता में आयोजित समारोह का शुभारम्भ जालना से पधारे दर्शिल गाडिया द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय गीतों के साथ हुआ, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।

उपकारी माता व गुरुदेव का भावपूर्ण स्मरण: इस भावुक व प्रेरणादायी अवसर पर खरतरगच्छाधिपति आचार्य श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा. ने अपने 53 वर्षों के लंबे संयममय जीवन का सार प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने दीक्षा जीवन के इस मुकाम पर अपनी उपकारी माता व गुरुदेव के अमूल्य उपकारों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उनके प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। पूज्यश्री के वचनों को सुनकर उपस्थित जनमेदिनी भाव-विभोर हो उठी। मुनि मुखरप्रभसागरजी म.सा., मुनि मंत्रप्रभसागरजी म.सा. व साध्वी प्रियकल्पनाश्रीजी म.सा. आदि ने पूज्य गुरुदेव को संयम महोत्सव की मंगल बधाई देते हुए अपने विचार व्यक्त किए। साध्वी मंडल द्वारा गाए गए मधुर मंगलगीतों ने समां बांध दिया।

श्रावक-श्राविकाओं ने दी दीर्घायु की मंगलकामनाएं: महोत्सव के दौरान समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने पूज्यश्री के तपस्वी व संयममय जीवन की भूरि-भूरि सराहना की। इस अवसर पर प्रशांत (हैदराबाद), बसंत, शीलकुमार, केएमपी सिकंदराबाद, रमेश पारख (हैदराबाद), भरत भंसाली (हैदराबाद), प्रदीप बोहरा (कामारेड्डी), विक्रम ढड्डा व इन्दु बोहरा (कामारेड्डी) सहित अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने गुरुदेव के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की मंगलकामना की। समारोह में हैदराबाद सहित कई सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। केयूप व केएमपी के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में अपनी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सूरत से आए मोंटू जैन ने किया।

