Homeचिकित्साविश्व स्तनपान जागरूकता सप्ताह: श्री मिश्री लाल दुबे महिला शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय...

विश्व स्तनपान जागरूकता सप्ताह: श्री मिश्री लाल दुबे महिला शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय में छात्राध्यापिकाओं को दी स्तनपान के वैज्ञानिक महत्व की जानकारी

केकड़ी, 04 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व स्तनपान जागरूकता सप्ताह के चौथे दिवस पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के स्त्री व प्रसूति रोग विभाग द्वारा श्री मिश्री लाल दुबे महिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राध्यापिकाओं व शिक्षकों को स्तनपान के महत्व, लाभ तथा इससे संबंधित वैज्ञानिक तथ्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुँचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्त्री व प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष व सह-आचार्य डॉ. रितु शर्मा ने स्तनपान के महत्व तथा मां व शिशु के स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्तनपान शिशु के समुचित शारीरिक, मानसिक व रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है।

स्तनपान से जुड़े विषयों से कराया अवगत: इसके पश्चात बीएचएमएस तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ईशा गहलोत, आकाश शर्मा, गवाक्षी गौड़, नंदिनी जैन, प्रिया राज, सुरेंद्र मीणा, तनुश्री राठौड़, विशाखा श्रीमाली व यशराज दर्जी ने आकर्षक पोस्टरों व सरल प्रस्तुति के माध्यम से स्तनपान से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। सहायक आचार्य डॉ. निर्मला शर्मा ने बताया कि किन विशेष चिकित्सकीय परिस्थितियों में स्तनपान नहीं कराया जाना चाहिए तथा अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लगभग 100 छात्राओं व शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के प्राचार्य डॉ. पुनीत आर. शाह ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

RELATED ARTICLES