Homeचिकित्सात्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र के छात्र-छात्राओं ने किया औषधालय का शैक्षणिक...

त्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र के छात्र-छात्राओं ने किया औषधालय का शैक्षणिक भ्रमण, सीखे आयुर्वेद व पंचकर्म के गुर

केकड़ी, 01 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली एवं औषध निर्माण की व्यावहारिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से त्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र गुलगांव के विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने कृष्ण गोपाल कालेड़ा आयुर्वेदिक धर्मार्थ औषधालय, कालेड़ा कृष्ण गोपाल का दौरा कर चिकित्सा पद्धतियों व प्रशासनिक प्रक्रियाओं की बारीकियों को समझा। इस भ्रमण में प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र फौजदार एवं डॉ. किरण खटीक भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान औषधालय के फार्मेसी अध्यक्ष कृष्णनाथ तिलक एवं मैनेजिंग डायरेक्टर कौशल शर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने औषधालय की स्थापना, कार्यप्रणाली, औषध निर्माण, भंडारण व वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही वर्तमान दौर में आयुर्वेद की बढ़ती महत्ता व उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

पंचकर्म व चिकित्सकीय उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन: डॉ. दिनेश ने विद्यार्थियों को पंचकर्म चिकित्सा पद्धति की विस्तृत जानकारी दी तथा पंचकर्म में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न यंत्रों व उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन (डेमो) कराया। उन्होंने प्रत्येक उपकरण की कार्यप्रणाली और विभिन्न रोगों के उपचार में उसकी भूमिका को सरल ढंग से समझाया। वहीं डॉ. अशोक शर्मा एवं डॉ. बृजेंद्र चौधरी ने आयुर्वेद के प्रमुख रोगों, उनके कारणों, बचाव व उपचार पद्धतियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

केकड़ी: शैक्षणिक भ्रमण के दौरान औषधालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराते चिकित्सक।

शैक्षणिक भ्रमण से मिलता है व्यावहारिक अनुभव: संस्थान के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र फौजदार ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। डॉ. किरण खटीक ने विद्यार्थियों को प्राप्त ज्ञान का भविष्य में सदुपयोग करने व समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में त्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र परिवार ने औषधालय प्रबंधन, चिकित्सकों व समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES