Homeसमाजअच्छे आचार-विचार से ही मानवीय जीवन में मिलती है सफलता, मुनि ससंघ...

अच्छे आचार-विचार से ही मानवीय जीवन में मिलती है सफलता, मुनि ससंघ का सावर की ओर विहार कल, शिविर में बने 500 जैन अग्र कार्ड

केकड़ी, 05 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य विनिश्चयसागर महाराज के सुशिष्य मुनि प्रज्ञान सागर महाराज ने कहा कि मनुष्य बाह्य भेष से सभी को अपना बनाने का प्रयास करता है, जबकि उसकी वास्तविक पहचान अंतरंग के स्वभाव से होती है। जिनेन्द्र देव को पाकर भी इंसान मिथ्यात्व रूपी चकाचौंध में पड़कर इधर-उधर भागता रहता है, जिससे वह कहीं का नहीं रह पाता। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमिनाथ मंदिर में प्रवचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचार-विचार हमेशा अच्छे बनाए रखना चाहिए, जिससे मानवीय जीवन में सफलता प्राप्त हो सके। जो व्यक्ति अच्छी बातों में से भी बुराई ग्रहण कर अपना जीवन नारकीय बना लेता है, वह तुच्छ इंसान कहलाता है।इस दौरान संघस्थ मुनि प्रसिद्धसागर महाराज ने मानतुंगाचार्य रचित श्री भक्तामर स्तोत्र पर व्याख्या करते हुए कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां आने या बंधन में बंध जाने पर यदि सच्ची श्रद्धा व भक्ति से भक्तामर स्तोत्र का स्मरण किया जाए, तो सभी संकट दूर हो जाते हैं।

धार्मिक अनुष्ठान व विहार कार्यक्रम: मीडिया प्रभारी रमेश बंसल ने बताया कि सुबह मुनि ससंघ के सान्निध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा व जिनेन्द्र अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। श्रीजी के स्वर्णकलश से अभिषेक करने का सौभाग्य टीकमचन्द, विपिन कुमार, जितेन्द्र व सानिध्य मित्तल (रामथला) ने प्राप्त किया। जिनेन्द्र देव की शांतिधारा करने का पुण्यार्जन आशीष कुमार जैन (जूनिया) को मिला। मुनि संघ के अभय जैन कोलकाता ने बताया कि मुनि ससंघ का सोमवार को श्री नेमिनाथ मंदिर से सावर की ओर विहार होगा। रात्रि विश्राम गुणोदय तीर्थ क्षेत्र (गुलगांव) में होगा। इसके बाद 7 जुलाई की सुबह 9 बजे सावर में चातुर्मास के लिए मंगल प्रवेश होगा।

केकड़ी: जैन अग्र कार्ड बनवाते समाज के सदस्य।

निःशुल्क जैन अग्र कार्ड शिविर आयोजित: अग्रवाल समाज चौरासी के तत्वावधान में श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन धर्मशाला में निःशुल्क जैन अग्र कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। केकड़ी ब्लॉक अध्यक्ष अशोक रांटा व युवा अध्यक्ष विनोद जैन के निर्देशन में ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से कुल 500 सदस्यों के आवेदन जमा कर कार्ड बनाए गए। शिविर में किरण पैथ लैब व भाल मेडिकोज द्वारा निःशुल्क ब्लड ग्रुप जांच की सेवाएं प्रदान की गई।

RELATED ARTICLES