केकड़ी, 30 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने एवं सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मण्डा की शिक्षिका सुनिता चौधरी का राज्य स्तरीय ‘शिक्षक गौरव सम्मान-2026’ के लिए चयन हुआ है। उन्हें यह सम्मान 6 सितम्बर को चौमूं में आयोजित होने वाले द्वितीय राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा। मानव जन जागृति संस्थान जयपुर की ओर से आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह के लिए प्रदेशभर से कुल 491 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों के मूल्यांकन के बाद शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं एवं योगदान के आधार पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 50 शिक्षकों का चयन किया गया है, जिनमें शिक्षिका सुनिता चौधरी भी शामिल हैं।

शुभचिंतकों ने दी शुभकामनाएं: शिक्षिका चौधरी का चयन शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण को ध्यान में रखते हुए किया गया है। संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष सौदागर कांदेला ने पत्र के माध्यम से चौधरी को उनके चयन की जानकारी दी। संस्थान की ओर से कहा गया कि राष्ट्र एवं समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतुलनीय है। शिक्षकों के समर्पण एवं सेवाभाव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। शिक्षिका सुनिता चौधरी के राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयन पर विद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


