केकड़ी, 06 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राव अमर सिंह सेकेंडरी विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत गणेश वंदना एवं मां सरस्वती की आरती से हुई, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में कक्षा 5 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, कविता, भाषण, नाटक व गीत की शानदार प्रस्तुतियां देकर शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों की इन मनमोहक प्रस्तुतियों को उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा। विद्यालय के निदेशक रघुराज सिंह जूनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक हमारे जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। वे केवल अक्षर ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि सही व गलत का अंतर समझाकर समाज में एक अच्छा इंसान बनने की राह भी दिखाते हैं।

शिक्षक दिवस के महत्व पर डाला प्रकाश: प्रधानाचार्य अनुराधा माहेश्वरी ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब हमें खुद पर भरोसा नहीं होता, तब शिक्षक हमारी खूबियों को पहचानकर हमारे अंदर आत्मविश्वास भरते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव गुरुओं के प्रति सम्मान भाव रखने के लिए प्रेरित किया। समारोह के आयोजन में ट्रस्टी भानु प्रताप राठौड़ का विशेष मार्गदर्शन रहा। वहीं हेड गर्ल अदिति पाराशर व हेड बॉय अंश विजय ने विद्यार्थियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम के संचालन व अनुशासन की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक संभाली। अंत में सभी ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।


