केकड़ी, 20 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका केकड़ी की सत्ता किसके हाथ जाएगी, इसका फैसला सोमवार को हो जाएगा। पालिकाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के अनिल मित्तल और भाजपा के विनीत जैन के बीच सीधा मुकाबला है। 40 सदस्यीय पालिका बोर्ड में कांग्रेस के 20, भाजपा के 18 और आरएलपी के 2 पार्षद हैं। ऐसे में बहुमत के लिए जरूरी 21वां वोट ही अध्यक्ष पद के चुनाव का सबसे बड़ा सियासी समीकरण बन गया है। कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से एक कदम दूर है। ऐसे में उसकी निगाहें आरएलपी के दो पार्षदों के रुख पर टिकी हैं। अनिल मित्तल के नामांकन के दौरान आरएलपी पार्षद राजेन्द्र चौधरी की मौजूदगी तथा एक दिन पहले दोनों की साथ में सामने आई तस्वीर ने सियासी चर्चाओं को जरूर हवा दी है।

एकजुटता बनेगी जीत का मंत्र: हालांकि आरएलपी ने अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अभी तक औपचारिक रूप से अपना निर्णय सार्वजनिक नहीं किया है। पार्टी की ओर से पहले यह कहा गया था कि अंतिम निर्णय सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के निर्देश के अनुसार लिया जाएगा। इसलिए मतदान से पहले तक आरएलपी के रुख को लेकर तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं मानी जा रही है। दूसरी ओर भाजपा भी मुकाबले को लेकर सक्रिय है। उसके पास 18 पार्षद हैं और बहुमत से तीन वोट कम हैं। ऐसे में भाजपा की रणनीति में संभावित क्रॉस वोटिंग अहम मानी जा रही है। अब मतदान के दौरान दोनों दल अपने-अपने पक्ष में कितने पार्षदों को एकजुट रख पाते हैं और आरएलपी के दोनों पार्षद किस ओर जाते हैं, यही अध्यक्ष पद के चुनाव की दिशा तय करेगा। फिलहाल भाजपा व कांग्रेस के सभी जीते पार्षद बाड़ाबांदी में है।

प्रशासन ने पूरी की चुनावी तैयारियां: पालिकाध्यक्ष चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाईने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अनधिकृत एवं अवांछित लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। पालिकाध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव: पालिकाध्यक्ष के बाद अगले दिन 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का चुनाव होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद अंतिम प्रत्याशी सूची एवं चुनाव चिन्ह जारी किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

