Homeक्राइम न्यूजजमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: फायरिंग व लाठी-डंडों से हमले में एक...

जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: फायरिंग व लाठी-डंडों से हमले में एक ही परिवार की चार महिलाओं सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस

केकड़ी, 21 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र में घटियाली ग्राम पंचायत के रात्या गांव में दोपहर को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। करीब सात-आठ वाहनों में सवार होकर आए दर्जनों लोगों ने खेत पर बने एक मकान में बैठे परिवार पर अचानक ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट करने के साथ ही तीन-चार राउंड फायरिंग भी की। इस खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई व गांव में भारी तनाव का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।

गाड़ियों में भरकर आए हमलावर: पीड़ित पक्ष के घायल रामप्रसाद गुर्जर ने बताया कि उनका गांव के ही शिवराज मीणा से लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते दोपहर में करीब 50 से 60 लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर सात-आठ गाड़ियों में सवार होकर आए। इन लोगों ने खेत पर बने घर को घेरकर अचानक जानलेवा हमला बोल दिया। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए 3 से 4 राउंड हवाई फायर व सीधे शॉट चलाए, जिससे उन्हें गोली भी लगी है। हालांकि फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस द्वारा की जाना शेष है।

केकड़ी: घटना की लाइव तस्वीर।

घायलों की स्थिति: अचानक हुए इस हमले में एक ही परिवार के पांच सदस्य लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। सूचना मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हमले में घायल चकोली देवी पुत्री रामप्रसाद गुर्जर, बदाम देवी पत्नी रामपाल गुर्जर, लाडा देवी पत्नी स्वर्गीय देवीलाल गुर्जर, रामप्रसाद गुर्जर पुत्र चुन्नीलाल गुर्जर व रूपा देवी गुर्जर पत्नी कालूराम गुर्जर को सावर स्थित राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां से चकोली, बदाम व लाडा को गंभीर हालत के चलते राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी के लिए रैफर कर दिया गया। जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस अमला मौके पर, जांच शुरू: घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राधेश्याम जाट पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे व स्थिति को संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने भी तुरंत क्षेत्र का दौरा किया व घटनास्थल का मुआयना किया। इसी के साथ सदर थाना प्रभारी जगदीश चौधरी भी मौके पर पहुंच गए है। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकाबंदी करवाई है। डीएसपी शर्मा ने बताया कि घायलों की चोटों का मुआयना करने पर फायरिंग की पुष्टि नहीं हो रही है। फिर भी पुलिस टीम ने हर पहलु को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES