Homeराजनीतिनामांकन वापसी के पहले दिन 2 प्रत्याशियों ने वापस लिए पर्चे, गुरुवार...

नामांकन वापसी के पहले दिन 2 प्रत्याशियों ने वापस लिए पर्चे, गुरुवार को साफ होगी मुकाबले की तस्वीर, बागी व निर्दलीय प्रत्याशियों की मान-मनौवल में जुटे राजनीतिक दल

केकड़ी, 02 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव में गुरुवार को नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। प्रत्याशी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इससे पूर्व भाजपा व कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों ने बागी व निर्दलीय प्रत्याशियों को बैठाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। 40 वार्डों वाली नगर पालिका में फिलहाल 20 वार्डों में दोनों दलों के बीच सीधा मुकाबला नजर आ रहा है, जबकि शेष 20 वार्डों में त्रिकोणीय व चतुष्कोणीय स्थिति बनी हुई है। टिकट वितरण से असंतुष्ट कार्यकर्ताओं व जीत की राह में रोड़ा बन रहे निर्दलीय दावेदारों को मनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी व प्रत्याशी दिन-रात एक किए हुए हैं।

दो अभ्यर्थियों ने वापस लिए नाम: नामांकन वापसी के पहले दिन बुधवार को 2 अभ्यर्थियों ने अपने पर्चे वापस उठा लिए। निर्वाचक पंजीयन व उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के अनुसार वार्ड 12 से मोहम्मद सलीम एवं वार्ड 37 से आशीष कुमार जैन ने अपना नामांकन वापस लिया हैं। एसडीएम बलाई ने बताया कि जिन प्रत्याशियों के पर्चे खारिज हुए हैं या जिन्होंने नाम वापस ले लिए हैं, उनकी अमानत राशि लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुरुवार दोपहर 3 बजे के बाद सभी वार्डों के अंतिम प्रत्याशियों की सूची व चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES